September 17, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

मुजफ्फरनगर 16 सितंबर 26 अस्पताल संचालक से 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप,

मुजफ्फरनगर 16 सितंबर 26 अस्पताल संचालक से 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप,

*मुजफ्फरनगर 16 सितंबर 26 अस्पताल संचालक से 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, रकम न देने पर जान से मारने की धमकी । एसएसपी से शिकायत, आरोपी और सहयोगियों पर कार्रवाई व परिवार की सुरक्षा की मांग*

*लोकेन्द्र गौतम* ब्यूरो चीफ सहारनपुर मंडल *यूपीआजतक*

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में जानसठ रोड स्थित वशिष्ठ हॉस्पिटल के संचालक एवं जनरल सर्जन डॉ. आशीष वशिष्ठ ने कादीपुर निवासी जयवीर सिंह और उसके कुछ सहयोगियों पर अस्पताल संचालन के नाम पर 10 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। डॉक्टर का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले को लेकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में डॉ. आशीष वशिष्ठ ने बताया कि वह जानसठ रोड स्थित वशिष्ठ हॉस्पिटल के संचालक एवं जनरल सर्जन हैं। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और अस्पताल में कार्य करती हैं। शिकायत के अनुसार, कादीपुर निवासी जयवीर सिंह स्वयं को जाट महासभा मुजफ्फरनगर का सचिव बताता है। डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि जयवीर सिंह और उसके कुछ सहयोगी प्रतिष्ठित व्यवसायियों के खिलाफ शिकायतें देकर कथित रूप से धन वसूलने का प्रयास करते हैं। शिकायत में एक पूर्व महिला मरीज से जुड़े विवाद का भी उल्लेख किया गया है। डॉक्टर के अनुसार, महिला की ओर से अस्पताल एवं उनके खिलाफ चिकित्सीय लापरवाही समेत अन्य आरोप लगाकर शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि मामले की जांच मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की ओर से की गई और उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के परीक्षण के बाद चिकित्सीय लापरवाही अथवा किसी आपराधिक कृत्य की पुष्टि नहीं हुई।
डॉ. वशिष्ठ का आरोप है कि इसके बावजूद जयवीर सिंह और उसके सहयोगियों की ओर से अस्पताल एवं उनके खिलाफ अलग-अलग माध्यमों से शिकायतें की जाती रहीं। डॉक्टर के मुताबिक, जब उन्होंने इस संबंध में जयवीर सिंह से बातचीत की तो अस्पताल को शांतिपूर्वक संचालित करने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये की मांग की गई।
आरोप है कि डॉक्टर ने रकम देने से इनकार किया तो उन्हें कथित रूप से गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अस्पताल के खिलाफ एसडीएम समेत विभिन्न विभागों में शिकायतें कर अस्पताल बंद कराने का दबाव बनाया जा रहा है। लगातार मिल रही कथित धमकियों के चलते डॉक्टर ने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में कथित धनराशि की मांग बढ़ाकर 50 लाख रुपये तक किए जाने की बात सामने आई। हालांकि इस आरोप की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर प्रदर्शन की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें कुछ लोग बैनर लेकर कार्रवाई की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। डॉ. आशीष वशिष्ठ ने एसएसपी से थाना नई मंडी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश देने, आरोपी एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही रंगदारी मांगने, धमकी देने और अन्य लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Taza Khabar