भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता यूपीआजतक
भागलपुर ५ जून २०२६ * 1008 महिलाओं ने सिर पर कलश उठाकर निकाली भव्य शोभायात्रा, अद्भुत नजारे से भक्तिमय हुआ दाउटबाट गांव
वृंदावनधाम की कृपापात्री श्रेयांशी पांडेय के मुखारविंद से नौ दिनों तक बहेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा
भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाउटबाट गांव शुक्रवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। नवयुवक बाल बजरंग क्लब मैदान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर 1008 महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। गांव की सड़कों पर जब एक साथ 1008 महिलाएं सिर पर सजे हुए कलश लेकर कतारबद्ध होकर निकलीं तो दृश्य अत्यंत मनमोहक और अलौकिक प्रतीत हो रहा था।
पीले, लाल और भगवा वस्त्रों में सुसज्जित महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भगवान के जयकारों के साथ आगे बढ़ रही थीं। कलशों पर नारियल, आम के पत्ते एवं धार्मिक प्रतीक सजाए गए थे, जिससे पूरी यात्रा की भव्यता और बढ़ गई। दूर-दूर तक महिलाओं की कतारें दिखाई दे रही थीं। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत यह दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा गांव किसी दिव्य आध्यात्मिक उत्सव में डूब गया हो।
शोभायात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई। यात्रा के दौरान भक्ति गीतों, शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति धुनों पर झूमते नजर आए, वहीं घरों की छतों और सड़कों के किनारे खड़े लोग इस भव्य नजारे को निहारते रहे। गांव के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।कलश यात्रा में महिलाओं के साथ-साथ युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरे गांव में हर ओर भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।कलश स्थापना एवं पूजन के साथ ही नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम के संयोजक मिथुन कुमार ने बताया कि 5 जून से 13 जून तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक कथा प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन वृंदावनधाम की प्रसिद्ध कथा वाचिका एवं कृपापात्री श्रेयांशी पांडेय द्वारा किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। आकर्षक धार्मिक झांकियां भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी,1008 महिलाओं की भव्य कलश शोभायात्रा और हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने दाउटबाट गांव को एक विशाल आध्यात्मिक उत्सव में परिवर्तित कर दिया। गांव का यह अद्भुत और मनोहारी दृश्य लोगों के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।

More Stories
गोरखपुर24जुलाई26*मत करें चिंता, सबकी समस्या पर होगी प्रभावी कार्रवाई : सीएम योगी*
लखनऊ24जुलाई26*गोल मार्केट में पार्किंग की जगह समाप्त किये जाने के विरोध में व्यापारियों ने महापौर को ज्ञापन सौंपा
बनारस24जुलाई26*सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: 1.70 लाख रुपये की रिश्वत लेते रेलवे के सीनियर डीएमएम रंगे हाथ गिरफ्तार,*