बांदा 9 सितंबर 26*कबीर गढ़ी ट्रस्ट के पंजीकरण को लेकर डीएम से लगाई गुहार*
*उत्तराधिकार शपथ पत्र के आधार पर ट्रस्ट पंजीकरण कराने की मांग, दबंगई से संपत्ति कब्जाने का लगाया आरोप**
यूपीआजतक बांदा से ब्यूरो सुनैना निषाद की रिपोर्ट
*बांदा*।- कबीर गढ़ी की संपत्ति एवं ट्रस्ट के पंजीकरण को लेकर एक बार फिर मामला सामने आया है। बुधवार को कबीर गढ़ी से जुड़े अवधेश कुमार कबीर ने जिलाधिकारी बांदा को प्रार्थना पत्र देकर उत्तराधिकार शपथ पत्र के आधार पर ट्रस्ट का पंजीकरण कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि अखाड़ा 1008 श्री शीतल दास साहेब कबीर गढ़ी, ग्राम गोयरा, परगना नरैनी, जनपद बांदा के महंत श्री मोहन दास साहेब जी का 20 फरवरी 2026 को निधन हो गया था। आवेदन के अनुसार वह करीब 60 वर्षों से अधिक समय से कबीर गढ़ी में रह रहे थे और अपने वरिष्ठ शिष्य बालयोगी पुजारी दास साहेब जी को उत्तराधिकारी घोषित किया था।
आवेदन में कहा गया है कि करीब 350 वर्ष पुरानी कबीर गढ़ी कबीर पंथ के अनुयायियों की धरोहर है। इसी उत्तराधिकार शपथ पत्र के आधार पर ट्रस्ट का पंजीकरण कराने के लिए उप निबंधक कार्यालय नरैनी में शुल्क जमा कर ऑनलाइन आवेदन किया गया था।
आवेदक ने आरोप लगाया कि उत्तराधिकारी अनुसूचित जाति का व्यक्ति होने के कारण जातिगत भेदभाव एवं छुआछूत के चलते स्थानीय दबंगों द्वारा कथित रूप से पुलिस से सांठगांठ कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि कबीर गढ़ी की संपत्ति को हड़पने की साजिश की जा रही है।
हालांकि ये आरोप आवेदनकर्ता की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अवधेश कुमार कबीर ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संलग्न अभिलेखों की सत्यता की जांच कर उप निबंधक अधिकारी नरैनी को ट्रस्ट का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि मामले का विधिक समाधान हो सके।

More Stories
दिल्ली 9 सितंबर 26*— मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले
कानपुर नगर 9 सितंबर 26*चकरोड खाली कराए जाने के मामले में आधी दुकान गिराकर रोका गया मामला
कानपुर नगर 9 सितंबर 26*11 सितम्बर को कानपुर आएंगे एससी/एसटी आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे*