वाराणसी 4अक्टूबर 26*सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आयुक्त आवास पर शव रखकर प्रदर्शन*
वाराणसी से नीलिमा राय की रिपोर्ट यूपीआजतक
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के मोढ़ेला तिराहे के पास रविवार को मृत मिले 40 वर्षीय सतीश कुमार के शव को लेकर परिजन सोमवार को पुलिस आयुक्त एस. राजलिंगम के आवास पहुंच गए। परिजनों ने आयुक्त आवास के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि सतीश की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका गया है और मामले में कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन की सूचना पर एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक समेत लोहता और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आयुक्त आवास के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को मोढ़ेला तिराहे के पास युवक का शव मिलने के बाद उसकी पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई थी। परिजनों को प्रारंभिक तौर पर सड़क हादसे में मौत की जानकारी दी गई थी। शव की पहचान के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए लोहता थाने में तहरीर दी।
थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों को सीसीटीवी फुटेज दिखाने और दुर्घटना में शामिल वाहन व चालक को जल्द हिरासत में लेने का आश्वासन दिया गया।
पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन प्रदर्शन समाप्त कर शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। पुलिस की मौजूदगी में शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
More Stories
सहारनपुर 4 अक्टूबर 26*चार बच्चों की मां और तीन बच्चों के पिता ने रचा खूनी षड्यंत्र:
लखनऊ 4 अक्टूबर 26*चौक पुलिस का वारंटियों पर शिकंजा, दो अभियुक्त गिरफ्तार
अयोध्या 4अक्टूबर 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर अयोध्या की कुछ महत्वपूर्ण खबरें