अयोध्या26अप्रैल26*मुख्यमंत्री से मिले विधायक रामचंद्र यादव, रुदौली के समग्र विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
भेलसर(अयोध्या)रविवार को 5-कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर रुदौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट की।इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। मुख्यमंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन को विधायक ने रुदौली के विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
भेंट के दौरान विधायक ने रुदौली क्षेत्र में संचालित एवं स्वीकृत विकास परियोजनाओं, विशेषकर सड़कों के चौड़ीकरण और पुल निर्माण जैसे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संयुक्त चिकित्सालय रुदौली तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कुशहरी में प्रस्तावित ट्रामा सेंटर की स्थापना के विषय में भी मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद रुदौली के विस्तारित क्षेत्र में नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग भी रखी गई, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में विधायक रामचंद्र यादव ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना झलकारी बाई कोरी जी की स्थापित मूर्ति के भव्य अनावरण हेतु मुख्यमंत्री को सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

More Stories
लखनऊ27अप्रैल26* प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने के लिए फैसला जल्द!
कानपुर देहात27अप्रैल26* नकली-घटिया तेल पर बड़ी कार्रवाई, 28 हजार लीटर सीज; कई कंपनियों के प्रोडक्ट बैन*
गोरखपुर27अप्रैल26*उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दिल को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है।