मुजफ्फरनगर, 5 अक्टूबर 2026*निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में उमड़ा जनसैलाब
लोकेन्द्र गौतम ब्यूरो चीफ सहारनपुर मंडल यूपीआजतक
मुजफ्फरनगर *स्वास्थ्य सेवा को जनसेवा का माध्यम बनाते हुए होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में सोमवार को डिस्ट्रिक्ट होम्योपैथिक फिजीशियन वेलफेयर एसोसिएशन (रजि.) के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया। शिविर में लगभग 250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया गया तथा उन्हें निःशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा करीब 190 मरीजों की ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन की निःशुल्क जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार खान-पान, सावधानियों एवं उपचार संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए। शिविर में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, जोड़ों एवं शरीर में दर्द, श्वसन संबंधी समस्याओं, त्वचा रोगों सहित विभिन्न सामान्य एवं पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर में डिस्ट्रिक्ट होम्योपैथिक फिजीशियन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजय कौशिक, सचिव डॉ. मनीष प्रताप सिंह, कैम्प सचिव डॉ. प्रमोद कश्यप, कोषाध्यक्ष डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. मोहित मलिक, डॉ. गौरव पाठक एवं डॉ. अभिषेक कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज की आधारशिला है। विद्यालय का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सहजता से पहुंचें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी चिकित्सकों एवं एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित में ऐसे शिविर आयोजित करने पर जोर दिया।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे क्षेत्रवासियों ने निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों तथा विद्यालय प्रबंधन का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं।
डिस्ट्रिक्ट होम्योपैथिक फिजीशियन वेलफेयर एसोसिएशन ने भी भविष्य में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर लगातार आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।। इस कैम्प के सफल आयोजन के लिए होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया
More Stories
पूर्णिया बिहार 5 अक्टूबर 2026 कोसी MLC नामांकन में पूर्णिया में जनसैलाब, PK बोले – यह वोट सरकार पर लगाम लगाने का है
पूर्णिया बिहार 5 अक्टूबर26 *पूर्णिया में DM ने लगाया जनता दरबार, 62 फरियादियों की सुनी समस्याएं
पूर्णिया बिहार 5अक्टूबर26 /*SSP का एक्शन: भवानीपुर हर्ष फायरिंग में 24 घंटे में 4 अपराधी गिरफ्तार,