हरदोई17जुलाई26*ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल, चालक वाहन समेत फरार*
पिहानी (हरदोई), शुक्रवार। पिहानी-हरदोई मार्ग पर पावर हाउस स्थित भट्ठे के पास शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे ट्रक और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिहानी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल की पहचान बबलू गुप्ता (42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय दीनदयाल गुप्ता, निवासी अब्दुल्ला नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने गांव से किसी आवश्यक कार्य से हरदोई जा रहे थे। इसी दौरान पावर हाउस भट्ठे के पास सामने से आए ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल भिजवाया, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बताया जाता है कि बबलू गुप्ता अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। करीब 25 वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो चुका था और लगभग 1महीने पहले उनकी मां का भी देहांत हो गया था। परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था, ऐसे में इस हादसे ने परिजनों को पूरी तरह झकझोर दिया है।
पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

More Stories
गोरखपुर17जुलाई26*गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में कांग्रेस की प्रेस वार्ता*
दिल्ली17जुलाई26*दिल्ली सरकार ने स्टार्टअप और इसके लिए नीतिगत ढांचे को मंजूरी दे दी है।
सुल्तानपुर17जुलाई26*बार एसोसिएशन चुनाव के पर्चा दाखिला के क्रम में, महासचिव पद के लिए भी हुआ नामांकन