June 1, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

सोनभद्र1जून26*नोटों की बारिश, पुलिस पर फायरिंग और तेज रफ्तार पीछा… फिर भी नहीं बच सके तस्कर;

सोनभद्र1जून26*नोटों की बारिश, पुलिस पर फायरिंग और तेज रफ्तार पीछा… फिर भी नहीं बच सके तस्कर;

सोनभद्र1जून26*नोटों की बारिश, पुलिस पर फायरिंग और तेज रफ्तार पीछा… फिर भी नहीं बच सके तस्कर;

58.75 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार

सोनभद्र*पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में जनपद में मादक पदार्थ तस्करों एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना चोपन पुलिस, थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा संयुक्त रूप से रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

दिनांक 01 जून 2026 की रात्रि लगभग 02:30 बजे चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने कार की गति बढ़ाते हुए बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा पीछा किए जाने पर तस्करों ने कई बार पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर रास्ता बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम लगातार उनके पीछे लगी रही।

पीछा जारी रहने के दौरान तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पूरी तरह फिल्मी अंदाज अपनाते हुए चलती कार से सड़क पर नोटों की गड्डियां फेंकनी शुरू कर दीं, ताकि पुलिसकर्मियों का ध्यान भटकाया जा सके और उन्हें पीछा छोड़ने पर मजबूर किया जा सके। लेकिन सोनभद्र पुलिस के जवानों ने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए नोटों की इस “बारिश” को नजरअंदाज किया और तस्करों का पीछा जारी रखा।

इस बीच सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन तकनीकी कारणों से खराब हो गया। ऐसे समय में स्थानीय निवासी श्री प्रदीप कुमार मोदनवाल ने साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए अपना निजी वाहन तत्काल पुलिस टीम को उपलब्ध कराया, जिससे पीछा करने की कार्रवाई बिना रुके जारी रह सकी।

लगातार दबाव बनता देख तस्करों ने पुलिस टीम तथा पीछा कर रहे निजी वाहन को भी टक्कर मार दी, लेकिन पुलिस की घेराबंदी लगातार मजबूत होती गई। थाना रामपुर बरकोनिया क्षेत्र के विरंजआ के पास स्वयं को चारों ओर से घिरा हुआ देखकर तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त प्रिंस पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ख्वाजके, थाना मेहरबान, जनपद लुधियाना (पंजाब), उम्र लगभग 27 वर्ष के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक अन्य साथी अंधेरे एवं पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश हेतु पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

घायल अभियुक्त को उपचार हेतु पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पूछताछ में खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ डाल्टनगंज क्षेत्र से खरीदकर लुधियाना ले जाया जा रहा था तथा वह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है।

बरामदगी

• 03 किलोग्राम अफीम (अनुमानित मूल्य ₹15 लाख)
• 225 किलोग्राम डोडा (अनुमानित मूल्य ₹33.75 लाख)
• होंडा सिटी कार संख्या DL4CNC5316 (अनुमानित मूल्य ₹10 लाख)
• ₹50,000 नकद
• एक तमंचा .315 बोर
• एक खोखा कारतूस
• एक जीवित कारतूस

कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य लगभग ₹58.75 लाख है।

अभियोग पंजीकृत

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना चोपन पर मु0अ0सं0 212/2026, धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट तथा 8/18/25/29/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की सहायता करने वाले नागरिक को सम्मान

अभियान के दौरान स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल द्वारा प्रदर्शित साहस एवं पुलिस सहयोग की भावना की पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा सराहना की गई है। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ₹10,000 नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

1. प्रभारी निरीक्षक गोपाल गुप्ता, थाना चोपन मय पुलिस टीम।
2. प्रभारी निरीक्षक एसओजी
नागेश कुमार सिंह मय एसओजी टीम।

Taza Khabar