रोहतास31जुलाई26*श्रावणी मेला : यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर डीडीयू मंडल सतर्क,गया और मधुपुर के बीच चलेगी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन*
*डीडीयू/ रोहतास से ब्यूरो चीफ मोहम्मद इमरानअली की रिपोर्ट यूपीआजतक ✍🏻*
दिनांक: 31 जुलाई, 2026
श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में आज संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, स्वच्छता, खानपान, पेयजल व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली, नियंत्रण एवं निगरानी व्यवस्था तथा रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशनों पर स्वच्छता, पर्याप्त खानपान, यात्रियों के मार्गदर्शन हेतु प्रभावी उद्घोषणा व्यवस्था तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। भीड़ की स्थिति पर सीसीटीवी एवं मंडल मुख्यालय स्थित वार रूम के माध्यम से निरंतर निगरानी रखते हुए परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
श्रावणी मेला के दौरान 03654/03653 गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेन 02 अगस्त, 2026 से 16 अगस्त, 2026 तक गया से मधुपुर तथा 03 अगस्त, 2026 से 17 अगस्त, 2026 तक मधुपुर से गया के मध्य प्रतिदिन संचालित होगी। इसके अतिरिक्त, डीडीयू मंडल के अंतर्गत श्रावणी मेला अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रेलखंडों पर पर्याप्त रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर विशेष रेल सेवाओं के संचालन के लिए मंडल स्तर पर समुचित तैयारी है।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल श्रावणी मेला अवधि के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
मंडल रेल प्रबंधक का वक्तव्य-
*श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है। यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रेल सेवाएं उपलब्ध हों, इसके लिए मंडल में अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।*

More Stories
बांदा 31 जुलाई 26*विश्व हिन्दू परिषद ने पुष्पवर्षा कर किया कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत, स्वल्पाहार की भी रही व्यवस्था*
बांदा 31 जुलाई 26 बांदा लगातार हो रही बारिश से एक बार फिर नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है*
कानपुर नगर31जुलाई26*सीडीओ द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कराये गये कार्यो का स्थलीय निरीक्षण किया गया।