कानपूर नगर २४ जून २०२६ * वर्दी के पीछे छिपा सेवाभाव: पनकी पुलिस ने पिलाया ‘गर्मी का अमृत जल’
पनकी, कानपुर : जहां एक तरफ चिलचिलाती धूप और लू से जनजीवन बेहाल है, वहीं पनकी थाना पुलिस ने गुरुवार को इंसानियत की एक ठंडी बयार बहाई। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व और महिला आरक्षी आरती यादव के विशेष सहयोग से थाना के मुख्य द्वार पर शरबत वितरण कैंप लगाया गया।
दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस कैंप में थाना के पूरे स्टाफ ने मोर्चा संभाला। तपती सड़क से गुजरते राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और क्षेत्रीय लोगों को पुलिसकर्मियों ने अपने हाथों से रूहअफ्जा और नींबू का ठंडा शरबत पिलाया। पेड़ की छांव तले शरबत की एक घूंट पीते ही लोगों के चेहरे पर आई सुकून भरी मुस्कान पुलिस के प्रयास की सफलता बयां कर रही थी।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा, “वर्दी का मतलब सिर्फ सख्ती नहीं, सेवा भी है। गर्मी में तड़पते लोगों को देखकर हमने सोचा कि क्यों न उनके लिए ‘अमृत जल’ का इंतजाम किया जाए। यह छोटा सा प्रयास है जनता के दिलों को सींचने का।”
शरबत पीने के बाद एक ऑटो चालक रमेश ने भावुक होकर कहा, “पुलिस को हमेशा रौब में देखा था। आज पहली बार लगा कि ये हमारे अपने हैं। साहब ने खुद गिलास पकड़ाया, मन भर आया।”
स्थानीय निवासी सुनीता देवी बोलीं, “बच्चे स्कूल से आते वक्त मुरझा जाते हैं। आज पुलिस वालों ने खुद रोककर शरबत पिलाया। ऐसी पुलिस हो तो डर नहीं, भरोसा होता है।”
गर्मी में पुलिस का यह ‘ठंडा’ अभियान पूरे दिन चला और सैकड़ों लोगों को राहत मिली। खाकी का यह मानवीय चेहरा पनकी में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस द्वारा शरबत वितरण कार्यक्रम में प्रमुख रूप से थाना प्रभारी द्वतीय सुनील कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार , सब इंस्पेक्टर विजय पाल सिंह, अफरोज , सगीर अहमद, बृजेश कुमार, महिला दरोगा वंदना सिंह विनिता सिंह, सुरभि यादव, अनीता राजपूत महिला आरक्षी सहित समस्त कार्यलय स्टाफ उपस्थित रहा

More Stories
बांदा16 अगस्त 26*स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति, सेवा और संवेदना का संदेश
बांदा 16 अगस्त 26*हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह*
पूर्णिया बिहार 16 अगस्त26 बायसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पशु तस्करी करते 3 तस्कर गिरफ्तार, 10 गायें बरामद*