कानपुर नगर23मई26*घर में सोते रहे लोग,दरवाजे व छत के रास्ते घुसे चोर, नगदी-जेवर समेटकर फरार हुए
कानपुर/बिल्हौर।ककवन थाना क्षेत्र के गढ़ेवा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नगदी और जेवर चोरी कर लिए। वारदात के दौरान घरों में मौजूद लोग सोते रहे और चोर बेखौफ होकर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह जागने पर बिखरा सामान देखकर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई।
गढ़ेवा निवासी विमलेश कुमार, जो नर्सरी में कार्य करते हैं, शुक्रवार रात पत्नी गीता के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसकर कमरे में रखा बक्सा व टीवी उठा ले गए। बाद में घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और डेढ़ से दो लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। सुबह उठने पर घर का सामान बिखरा मिला, जबकि बक्सा और टीवी खेत में पड़े मिले।
गांव के ही विमलेश के भाई बब्बन कुमार का घर भी चोरों के निशाने पर रहा। बब्बन दिल्ली में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी बबिता बच्चों के साथ गांव आई हुई थीं। चोरों ने घर में घुसकर मकान निर्माण के लिए रखे करीब एक लाख रुपये और जेवर चोरी कर लिए।
वहीं पड़ोस में रहने वाले ओम जी उर्फ विनय कुमार के घर में भी चोर छत के रास्ते घुस गए। उस समय घर पर उनकी मां सर्वेश कुमारी अकेली थीं। चोर वहां से भी नगदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह तीनों घरों के लोग जागे तो सामान बिखरा देख हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।

More Stories
नई दिल्ली23अगस्त2026*एलपीजी सप्लाई पर सरकार का बड़ा फैसला…
नई दिल्ली23अगस्त2026*आरक्षण हटाओ आंदोलन पर रामदास आठवले का बड़ा बयान
नई दिल्ली23अगस्त2026*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें*