कानपुर नगर 30 मार्च 26*स्कूलों के सामने सड़क पर नहीं होगी वाहनों की पार्किंग, 81 विद्यालयों की नई समय सारिणी 1 अप्रैल से लागू*
*सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय, जीटी रोड पर अवैध दुकानों पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश*
कानपुर नगर*जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रमुख मार्गों पर स्थित विद्यालयों से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में संचालित बसों, अन्य वाहनों तथा अभिभावकों के निजी वाहनों की पार्किंग विद्यालय के सामने सड़क पर नहीं की जाएगी। साथ ही विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सड़क पर यातायात बाधित न हो। परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से 81 विद्यालयों के संचालन की समय सारिणी भी निर्धारित की गई है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। संबंधित विद्यालयों को इसके संबंध में पूर्व में सूचना भी उपलब्ध करा दी गई है और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अरुण कुमार जयंत ने बताया कि गत रविवार को जीटी रोड पर अवैध रूप से निर्मित 14 दुकानों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रामादेवी और नारामऊ क्षेत्र में स्थित शराब की मॉडल शॉप के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा भी बैठक में उठा। जिला आबकारी अधिकारी ने अवगत कराया कि संबंधित दुकानों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया जा चुका है। निर्धारित समय में अतिक्रमण न हटाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रामादेवी के निकट सड़कों पर लगने वाली सब्जी मंडी के कारण भी यातायात प्रभावित होने की बात बैठक में सामने आई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। परिवहन विभाग की टीमें विद्यालयों में जाकर वाहनों की जांच करेंगी और संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड कराया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विद्यालयों में गठित वाहन संचालन समिति की बैठक नियमित रूप से कराई जाए और उसकी कार्यवाही व तस्वीरें उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी ने एलिम्को के निकट फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही रहवीर योजना और प्रधानमंत्री राहत जन आरोग्य योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
बैठक में डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार, एआरटीओ कहकशां खातून, परियोजना निदेशक एनएच पंकज यादव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अनूप कुमार, अधिशासी अभियंता अखंडेश्वर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
कौशाम्बी 30 मार्च 26*पिता की हत्या करने वाले दो बेटों पत्नी सहित तीन गिरफ्तार*
पूर्णिया बिहार 30 मार्च 26* जल जमाव की समस्या को लेकर विधायक ने नाला का किया शिलान्यास
लखनऊ 30 मार्च 26*स्मार्ट प्रीपेड मीटर में पूर्व में रिचार्ज करना पड़ेगा- यूपीपीसीएल चेयरमैन आशीष गोयल*