August 30, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

उन्नाव, 30 अगस्त 2026*उन्नाव में दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि, TSCT ने बताई 268 करोड़ की सहायता

उन्नाव, 30 अगस्त 2026*उन्नाव में दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि, TSCT ने बताई 268 करोड़ की सहायता

उन्नाव, 30 अगस्त 2026*उन्नाव में दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि, TSCT ने बताई 268 करोड़ की सहायता

मोनू सिंह कुशवाहा की रिपोर्ट, यूपीआजतक।

उन्नाव में टीचर्स सेल्फ केयर टीम की ओर से दिवंगत शिक्षकों के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और विभिन्न शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का ऐसा वर्ग है, जो केवल अपने लिए नहीं बल्कि दूसरों के भविष्य के लिए भी सोचता है। शिक्षक ही लीक से हटकर समाज के लिए नई दिशा तय करने की क्षमता रखता है।
वहीं शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि शिक्षक समाज हमेशा समय-समय पर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता रहा है और टीचर्स सेल्फ केयर टीम का यह आयोजन भी समाज के लिए एक मिसाल है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव रजक ने कहा कि टीम अपनी वर्तमान योजना में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो संगठन भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
प्रदेश महामंत्री सुदेश पाण्डेय ने बताया कि सहयोग के मामले में उन्नाव पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 45वें स्थान से बढ़कर 10वें स्थान पर पहुंच गया है। अब लक्ष्य है कि जिले का कोई भी शिक्षक इस योजना से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में टीचर्स सेल्फ केयर टीम के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद ने संगठन की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि टीम अब तक बिना किसी बाहरी सहायता के दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को 268 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान कर चुकी है। वहीं 680 से अधिक दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रयागराज में दिवंगत शिक्षकों की स्मृति में ‘शिक्षक पथ’ बनाया जाएगा। इस शिक्षक पथ पर प्रत्येक दिवंगत शिक्षक के नाम से पीपल का वृक्ष लगाया जाएगा और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिक्षकों के लिए परिवार में बच्चे के जन्म, परिवार में किसी सदस्य के निधन अथवा स्वयं शिक्षक के विवाह के अवसर पर 15 दिन के विशेष अवकाश की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।
कार्यक्रम के दौरान टीचर्स सेल्फ केयर टीम की जिला कार्यकारिणी ने ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों को कार्यभार ग्रहण पत्र सौंपे। वहीं कार्यक्रम में मौजूद 500 से अधिक शिक्षकों को आभार पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उन्नाव की बात करें तो संख्या के आधार पर सहयोग के मामले में जिला प्रदेश में 10वें स्थान पर है। जिले में 6300 से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक टीचर्स सेल्फ केयर टीम से जुड़े हुए हैं। संस्था की ओर से अब तक उन्नाव के 7 शिक्षकों के परिवारों को सहयोग दिया जा चुका है।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय हिंदूखेड़ा, नवाबगंज की दिवंगत शिक्षिका स्वर्गीय दिव्या भदौरिया के परिजनों को इसी माह 50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू, वरिष्ठ शिक्षाविद ज्ञानेंद्र शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष डीएसडीएफ प्रियंका शुक्ला, श्रद्धा बाजपेई समेत विभिन्न शैक्षणिक संगठनों के जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा हरदोई, जालौन, औरैया, मेरठ, कन्नौज और लखनऊ समेत कई जिलों के जिला संयोजक एवं प्रांतीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक शिक्षकों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ तिवारी ने किया। जिला संरक्षक अरविंद सिंह, जिला संयोजक कमल दीक्षित, जिला प्रवक्ता अनुज कुमार वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी विश्वनाथ तिवारी, आईटी सेल प्रभारी आशुतोष गौड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
मोनू सिंह कुशवाहा की रिपोर्ट, यूपीआजतक।

Taza Khabar