लखनऊ 27 अक्टूबर 26**रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया नें की आगामी चुनाव रणनीति की घोषणा*
___________________________
*लखनऊ।* रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. रामदास आठवले का उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुभ आगमन हुआ। अपने लखनऊ प्रवास के दौरान उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) की ओर से सहकारिता भवन में आयोजित “पदाधिकारी समीक्षा” बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर पार्टी की प्रगति और आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर एक विस्तृत व महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
इस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने की। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन भाई गुप्ता जी के साथ रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) के कई वरिष्ठ पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश महासचिव आलोक दुबे, प्रदेश मीडिया प्रभारी एस.पी. सिंह, प्रदेश महासचिव सलीम मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आदित्य गुप्ता, प्रदेश सचिव जयप्रकाश बिन्द, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रोशन खत्री, प्रदेश सचिव विमल भारती, दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव नागेश कुमार, प्रदेश प्रवक्ता पी.सी. चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता खुशी राम चौधरी एवं प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मंगलेश शुक्ला उपस्थित रहे और संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) अपने गठन के प्रथम दिवस से ही भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के उच्च आदर्शों, सामाजिक न्याय के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से अनुप्राणित होकर कार्य कर रही है।
पार्टी का मूल संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े दलित, पिछड़े, शोषित, पीड़ित, अल्पसंख्यक एवं वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाना है। आरपीआई ( ए॰) हमेशा से भारतीय संविधान के प्रति अटूट निष्ठा रखने वाली पार्टी रही है और समाज के किसी भी वर्ग पर होने वाले अन्याय व उत्पीड़न के खिलाफ सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ी रही है।
प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता जी के कुशल नेतृत्व में पार्टी का जनाधार उत्तर प्रदेश में अत्यंत तीव्र गति से बढ़ रहा है। संगठन को गाँव, टोले, ब्लॉक, जिला और मंडल स्तर से लेकर सीधे बूथ स्तर तक पहुँचाया गया है, जिससे पार्टी का सामाजिक व राजनीतिक आधार अभूतपूर्व रूप से सुदृढ़ हुआ है।
एनडीए (NDA) गठबंधन में 12 वर्षों की अटूट व निष्ठावान सहभागिता
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) पिछले 12 वर्षों से भी अधिक समय से भारतीय जनता पार्टी के साथ राष्ट्रीय स्तर पर एक विश्वसनीय और मजबूत सहयोगी दल के रूप में खड़ी रही है। इन 12 वर्षों में आरपीआई (ए॰) और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामदास आठवले जी ने भारतीय जनता पार्टी तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनहित, देश के विकास और सामाजिक समरसता में लिए गए प्रत्येक नीतिगत निर्णय का खुलकर समर्थन किया है। पार्टी ने सदैव एनडीए की नीतियों पर विश्वास जताया है और गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा से पालन किया है।
प्रदेश भर में ब्लॉक एवं बूथ स्तर तक संगठन के अभूतपूर्व विस्तार और लगातार बढ़ते जन-समर्थन को ध्यान में रखते हुए, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) ने आगामी चुनावों में एनडीए गठबंधन के तहत भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से 10 सीटों की मांग रखी है। पार्टी का मानना है कि उत्तर प्रदेश में शोषित व वंचित वर्ग का एक बड़ा जनाधार आरपीआई के साथ जुड़ा है, इसलिए 10 सीटों पर आरपीआई प्रत्याशियों के उतरने से गठबंधन को प्रदेश में प्रचंड विजय हासिल होगी।
200 सीटों पर स्वतंत्र रूप से प्रत्याशी उतारने का स्पष्ट विकल्प:
हालांकि आरपीआई (आ॰) एनडीए गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ने की प्राथमिक इच्छा रखती है, लेकिन यदि किसी कारणवश गठबंधन के अंतर्गत पार्टी की इस न्यायसंगत 10 सीटों की मांग पर सहमति नहीं बन पाती है, तो रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) उत्तर प्रदेश की 200 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ स्वतंत्र रूप से अपने अधिकृत प्रत्याशी मैदान में उतारेगी।
प्रदेश में पार्टी की बूथ स्तरीय तैयारी और कार्यकर्ताओं का उत्साह 200 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
प्रेस वार्ता के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामदास अठावले, प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता जी एवं उपस्थित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ॰) देश में समरसता, समानता और विकास की पक्षधर है।
उत्तर प्रदेश की जनता बाबा साहेब के विचारों और आरपीआई के संघर्ष पर पूरा भरोसा जता रही है, और पार्टी अपने अधिकार तथा जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।
More Stories
बांदा 27 अक्टूबर 26*ग्राम छिरहुटा में वृद्ध एवं दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित, 158 लोगों का पंजीयन*
बांदा 27 अक्टूबर 26*दलित महिला ने पड़ोसी पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग*
फर्रुखाबाद27 अक्टूबर 26*युवती के अपमान का आरोप, एनडीपीएफ ने डीपीओ पर उठाए सवाल