हरिद्वार 22 अक्टूबर 26*अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए हरिद्वार में गरजी पहाड़ी महासभा: धरने पर बैठे लोग,
बोले- ‘अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’
कालूराम जयपुरिया की विशेष रिपोर्ट, यूपीआजतक
हरिद्वार* उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। धर्मनगरी हरिद्वार में ‘पहाड़ी महासभा (रजि.)’ के बैनर तले सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे लोगों ने हाथ में बैनर लेकर अंकिता भंडारी के हत्यारों को फांसी की सजा देने और मामले में शामिल सभी रसूखदारों को बेनकाब करने की मांग उठाई।
धरना स्थल पर लगाए गए मुख्य बैनर पर लिखे नारे “अंकिता भंडारी को न्याय दो — अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” ने सभी का ध्यान खींचा। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि इतने लंबे समय के बाद भी अंकिता के परिजनों को संपूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है, जिससे पूरे प्रदेश और समाज में भारी रोष व्याप्त है।
वीआईपी के नाम का खुलासा करने और निष्पक्ष जांच की मांग
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस पूरे हत्याकांड में शुरू से ही एक रसूखदार ‘वीआईपी’ का नाम सामने आता रहा है, जिसे बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है। महासभा ने मांग की कि जब तक इस मामले की तह तक जाकर वीआईपी सहित सभी साजिशकर्ताओं को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता, तब तक यह आंदोलन शांत नहीं होगा। वक्ताओं ने चेताया कि यदि जांच एजेंसियों और सरकार ने मामले में हीलाहवाली जारी रखी, तो यह आंदोलन हरिद्वार से लेकर पूरे उत्तराखंड और राजधानी दिल्ली तक और भी उग्र रूप लेगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर अंकिता के परिजनों के संघर्ष का पुरजोर समर्थन किया और संकल्प लिया कि वे अंकिता को इंसाफ मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
More Stories
पीलीभीत22 अक्टूबर 26*मतदाता सूची में गड़बड़ी की पुष्टि के बाद चुनाव आयोग का सख्त एक्शन, दो एसडीएम हटाए गए
लखीमपुर खीरी22 अक्टूबर 26*- कल 85 बूथों पर होगा स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव,
कानपुर नगर 22 अक्टूबर 26*शासन के निर्देशानुसार नहीं पहुंच रहे ब्लॉक कर्मचारी व बाबू कार्यालय में