मुजफ्फरनगर 16 अक्टूबर 26*एनएचएम संविदा कर्मियों का धरना आठवें दिन भी जारी
लोकेन्द्र गौतम
ब्यूरो चीफ, सहारनपुर मंडल
यूपीआजतक
इमरजेंसी ड्यूटी लगाकर कर्मचारियों को वापस बुलाने पर भड़के संविदा कर्मी, महिला चिकित्सालय पहुंचकर की नारेबाजी
मुजफ्फरनगर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का धरना शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा। मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण कर्मचारियों ने अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। वहीं, जिला महिला चिकित्सालय में धरने पर बैठे कुछ चिकित्सकों की आपातकालीन सेवाओं में ड्यूटी लगाकर उन्हें वापस बुलाए जाने की सूचना से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई। आक्रोशित संविदा कर्मियों ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।
इमरजेंसी ड्यूटी लगाने पर बढ़ा कर्मचारियों का आक्रोश,,,,
धरने पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारियों की मांगों पर ठोस निर्णय होने के बजाय उन्हें चेतावनी पत्र जारी किए जाने और ड्यूटी लगाकर वापस बुलाए जाने से उनमें असंतोष है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर नारेबाजी की। आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का उचित समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कर्मचारी संयुक्त परिषद ने दिया समर्थन, 12 हजार कर्मचारियों के आंदोलन में शामिल होने की चेतावनी
एनएचएम संविदा कर्मियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुजफ्फरनगर की ओर से चेतावनी पत्र जारी किए जाने के मामले में कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रविंद्र नागर ने सीएमओ से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संविदा कर्मचारियों के विरुद्ध नियमों के विपरीत कार्रवाई की गई, तो परिषद से जुड़े लगभग 12 हजार कर्मचारी उनके समर्थन में आंदोलन में शामिल हो सकते हैं।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि वह संविदा कर्मियों की मांगों का समर्थन करते हैं और उनकी मांगें जायज हैं। उन्होंने माना कि कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि होनी चाहिए। सीएमओ के अनुसार, उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के तहत चेतावनी पत्र जारी किए गए हैं और इसके पीछे उनका कोई व्यक्तिगत उद्देश्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग की ओर से हमेशा एनएचएम संविदा कर्मियों को सहयोग देने तथा उनकी बेहतरी के लिए प्रयास किए जाते रहे हैं।
मिशन निदेशक के साथ चार घंटे चली वार्ता, कई मुद्दों पर नहीं बनी सहमति
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की एनएचएम मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जावल के साथ गुरुवार रात आठ बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक वार्ता हुई। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्ता में कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई, लेकिन कुछ प्रमुख बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी।
इसी के चलते संगठन ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया। डॉ. सचिन जैन ने कहा कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।
मानदेय वृद्धि और अन्य मांगों पर सरकार के फैसले का इंतजार
डॉ. सुदेश वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद है कि शुक्रवार रात तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक घोषणा हो सकती है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की मांगों को लेकर जारी यह आंदोलन अब आठवें दिन में पहुंच गया है। कर्मचारी अपनी मांगों पर ठोस निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं, कर्मचारी संयुक्त परिषद के समर्थन और प्रदेश स्तर पर हुई वार्ता के बाद आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
धरने में सैकड़ों संविदा कर्मचारी रहे मौजूद,,,,
धरने में डॉ. सचिन जैन, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. राकेश बंसल, लवलेश, डॉ. आलोक प्रताप, डॉ. आमिर, डॉ. रमाशंकर, डॉ. भावना, डॉ. अंजू, सबीना नाज, अतुल भारद्वाज, नुसरत, डिंपल, डॉ. सुदेश वर्मा, वैशाली, पारसमणि, चेतन, रचना शर्मा, डॉ. सुषमा, बबीता, संजय, सिकंदर, अनिल, ओमपाल, घनश्याम, किशनलाल, शिवकुमार, अरविंद कुमार, सचिन कुमार, मोहित कुमार, डॉ. शरद, डॉ. चेतन, डॉ. अजय, डॉ. देवेंद्र, इजहार अली, सलीम, गौरव, रोहित, आशु, अरीबा अली और अनीता सहित सैकड़ों संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।
More Stories
बांदा(उप्र)16 अक्टूबर 26*फूल डेकोरेशन करने गया युवक लापता, एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली –
हरिद्वार 16 अक्टूबर 26*उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: हरिद्वार की सियासी जमीन पर कुशल छिल्लर की दावेदारी, युवाओं में उत्साह
बांदा 16 अक्टूबर 26*भांजे की हत्या में मामा और ममेरा भाई गिरफ्तार,डंडा बरामद*