भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता यूपीआजतक
भागलपुर23/07/2026*श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया व्यापक स्थलीय निरीक्षण,
सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश*
भागलपुर*श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज जिलाधिकारी, भागलपुर ने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों की पूरी टीम के साथ मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दांडी बिलारी, एयरपोर्ट क्षेत्र, किशनगढ़, तिलकपुर, महाराजा पंडाल तथा नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के आगमन एवं आवागमन के मार्गों का जायजा लेते हुए पैदल पथ, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन निकासी मार्गों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए सभी मार्गों को पूरी तरह अवरोधमुक्त रखा जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बैरिकेडिंग एवं दिशा-सूचक संकेतक लगाए जाएँ।
दांडी बिलारी एवं एयरपोर्ट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही, वाहन पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समुचित पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया।
किशनगढ़ एवं तिलकपुर क्षेत्र में जिलाधिकारी ने विश्राम स्थलों, पेयजल, अस्थायी शौचालयों, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी मूलभूत सुविधाएँ मेला प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण रूप से कार्यशील अवस्था में उपलब्ध रहें तथा नियमित सफाई एवं सैनिटेशन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महाराजा पंडाल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के ठहराव, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन उपकरण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था तथा आपातकालीन निकास मार्गों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडाल में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएँ।
नमामि गंगे घाट पर जिलाधिकारी ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं एसडीआरएफ/आपदा प्रबंधन टीम की तैनाती, जल पुलिस, चेंजिंग रूम, पेयजल, चिकित्सा सहायता केन्द्र तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम करने हेतु सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा घाटों पर सतत निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला राज्य का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है तथा लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करे। साथ ही सभी अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने एवं किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन, नगर निगम, पथ निर्माण, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, पर्यटन, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
लखनऊ23जुलाई26*साइकिल यात्रा पर रोक से गरमाई सियासत*
लखनऊ23जुलाई26*चन्द्रशेखर आजाद की जयंती पर राज्य संग्रहालय में पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित*
लखनऊ23जुलाई26*68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2018*