अयोध्या5जुलाई26*एक पेड़ माँ के नाम’ से शुरू हुआ महाअभियान, रुदौली में तीन लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे
गौशाला परिसर में विधायक, एसडीएम व जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
भेलसर(अयोध्या)पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को रुदौली तहसील क्षेत्र में वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत हुई। पारा पहाड़पुर स्थित गौशाला परिसर में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र यादव ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए वृक्षारोपण को जन-जन का अभियान बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार बनेगा। गौशाला परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में मवेशियों को भीषण गर्मी से राहत देंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि पेड़ों के बिना जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
वन क्षेत्राधिकारी जेपी गुप्ता ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के तहत एक जुलाई से सात जुलाई तक विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र में इस अभियान के दौरान तीन लाख से अधिक फलदार, छायादार, शोभाकार एवं औषधीय पौधों का रोपण कराया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। गौशाला परिसर में लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ,नगर पंचायत अध्यक्ष कामाख्या धाम शीतला प्रसाद शुक्ला, रणवीर सिंह, सुरेंद्र यादव, ओम प्रकाश, सरवन दुबे, वीरेंद्र शर्मा, दीपक सिंह, लव कुश पाठक, बबलू यादव, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को जन आंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

More Stories
कानपुर नगर22अगस्त2026*बहाल किया गया या सिस्टमिक साठ गांठ हो गई*
कानपुर नगर22अगस्त26*नगर निगम में ‘फर्जी पत्नी’ बनकर 9 साल तक पेंशन का खेल, करीब 9 लाख की चपत!
देहरादून22अगस्त2026*दीपेन्द्र चौधरी बने उत्तराखंड सूचना आयोग के आयुक्त