मथुरा से लवकुश शर्मा की रिपोर्ट
मथुरा 3 मार्च 26*प्रेम प्रसंग बना खूनी संघर्ष: युवक की गोली मारकर हत्या, किशोरी ने लगाई फांसी
मथुरा जिले के थाना नौहझील क्षेत्र के गांव सुहागपुर में मंगलवार सुबह प्रेम प्रसंग के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई। बहन से प्रेम संबंध की जानकारी होने पर आक्रोशित भाई ने गांव के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से आहत किशोरी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सुहागपुर निवासी 29 वर्षीय अर्जुन का गांव की एक नाबालिग किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध की भनक किशोरी के भाई भोला उर्फ हर्ष को लग गई थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह काफी समय से रंजिश रखे हुए था और उसने युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अर्जुन गांव के मंदिर के पास अपने साथियों के साथ बैठा था। इसी दौरान भोला वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे पास स्थित पटवारी मंदिर की ओर ले गया मंदिर के पास पहुंचते ही भोला ने तमंचे से अर्जुन के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन अर्जुन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। एहतियातन क्षेत्र में नौहझील, मांट,सुरीर,शेरगढ़, थाने का पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इधर, युवक की हत्या से आहत किशोरी ने भी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More Stories
पूर्णिया बिहार3मार्च26* होली के अवसर पर पूर्णिया पुलिस की मुस्तैदी : फ्लैग मार्च जारी, शांति और सौहार्द बनाए रखने का प्रयास
कौशाम्बी 3 मार्च 26*संदिग्ध परिस्थितियों में 75 वर्षीय वृद्ध महिला ने लगाई फांसी पुलिस जांच में जुटी*
उन्नाव 3 मार्च 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर उन्नाव की कुछ महत्वपूर्ण खबरें