हरदोई 27 नवम्बर 26*बनारस में भीषण सड़क हादसा, पिहानी के युवक की दर्दनाक मौत; दो गंभीर घायल
धान काटने वाली कंबाइन मशीन लेकर बिहार जा रहे थे तीनों युवक, ट्रक में घुसी कार; मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया, गांव में पसरा मातम
पिहानी (हरदोई)। रोजी-रोटी और कामकाज के सिलसिले में घर से निकले तीन युवकों का सफर गुरुवार तड़के दर्दनाक हादसे में बदल गया। बनारस में हुए भीषण सड़क हादसे में पिहानी क्षेत्र के डिघिया गांव निवासी 27 वर्षीय गुरजंट सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार बनारस के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, डिघिया निवासी गुरजंट सिंह पुत्र अजीत सिंह, अंकित यादव निवासी डिघिया और यशपाल सिंह निवासी रामपुर धान काटने वाली चेन मशीन (कंबाइन) लेकर बिहार जा रहे थे। कंबाइन मशीन लोडर पर लदी थी, जबकि तीनों युवक ऑल्टो कार से उसके पीछे चल रहे थे। गुरुवार तड़के कार चला रहे गुरजंट सिंह की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरजंट सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की खबर डिघिया गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार के बीच हर आंख नम हो गई। सबसे मार्मिक दृश्य उस मासूम बेटे का है, जिसे अभी यह भी नहीं मालूम कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। जिस पिता की उंगली पकड़कर उसे जिंदगी की राह पर चलना था, अब वह कभी लौटकर नहीं आएंगे। गुरजंट सिंह अपने पीछे पत्नी और मासूम बेटे सहित परिवार को गहरे दुख में छोड़ गए हैं।
युवक की असामयिक मौत से डिघिया समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए समाजसेवी जोगराज सिंह, भारतीय किसान यूनियन अखंड भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, मनदीप सिंह, हरजिंदर सिंह और आशीष श्रीवास्तव सहित कई लोग पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आज गांव में होगा अंतिम संस्कार
गुरजंट सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उनके पैतृक गांव डिघिया में किया जाएगा। जवान बेटे की असमय विदाई से परिवार ही नहीं, पूरा गांव गमगीन है।

More Stories
अबोहर पंजाब 27 नवम्बर 26*गांव सप्पांवाली का सुक्खा 15 नशीली गोलियों सहित काबू
अबोहर पंजाब 27 नवम्बर 26*धनराज उर्फ धन्ना आधा किलो अफीम सहित काबू, जेल भेजा
पंजाब 27 नवम्बर 26*सुप्रीम कोर्ट के वकील अमन जाखड़ ने अबोहर विधानसभा से कांग्रेस टिकट की जताई उम्मीदवार