हरदोई २७ मई २६ * कुर्बानी से पहले तपने लगे बकरे…106 डिग्री तक बुखार,बकरीद पर विशेष सावधानी: गर्मी और बीमारी से प्रभावित बकरों की कुर्बानी से बचें
भीषण गर्मी में बढ़ा पशुओं का संक्रमण खतरा, स्वस्थ बकरों की ही कुर्बानी करें: पशु चिकित्सकों की हिदायत
पिहानी(हरदोई)*सूरज की तपिश और गर्म हवा के बीच कुर्बानी के लिए आए बकरे हांफने लगे हैं। बुखार से तप रहे बकरे हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं। जिन्हें बुखार, जुकाम, भूख न लगने और दस्त की शिकायत हो रही है। 28 मई को बकरीद मनाई जाएगी। इस माैके पर मुस्लिम समुदाय के लोग जानवरों की कुर्बानी देते हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में जानवरों के बाजार भी सजने लगे हैं। जहां से लोग छोटे-बड़े जानवरों की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं माैसम की बेरुखी इन जानवरों की सेहत पर भारी पड़ रही है। खासकर बकरों पर। शरीर झुलसा देने वाली तपिश और गर्म हवा बकरों को बीमार बना रही है। बकरे हीट स्ट्रोक की जद में आने लगे हैं।पशु चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क करते हुए अपील की है कि कुर्बानी के लिए केवल स्वस्थ और फिट बकरों का ही चयन करें। बीमार, सुस्त अथवा संक्रमित पशुओं की कुर्बानी से परहेज करें, क्योंकि इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।
विशेषज्ञों के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण पशुओं में बुखार, कमजोरी, सांस लेने में दिक्कत, दस्त और संक्रमण जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई पशु बाजारों में भी गर्मी के कारण बकरे बीमार पड़ रहे हैं। ऐसे में बिना जांच-परख के पशु खरीदना नुकसानदायक साबित हो सकता है।
पशु चिकित्सकों ने सलाह दी है कि कुर्बानी से पहले यह अवश्य देख लें कि बकरा पूरी तरह स्वस्थ हो, ठीक से चल-फिर रहा हो तथा उसकी आंख, नाक और मुंह से किसी प्रकार का संक्रमण या तरल पदार्थ न निकल रहा हो। अत्यधिक कमजोर, सुस्त या बीमार दिखने वाले पशुओं को खरीदने से बचें।
मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों ने भी समुदाय से अपील की है कि धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखें तथा प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें। खुले में अवशेष फेंकने से बचें, ताकि गंदगी और बीमारी न फैले।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल पशु चिकित्सक से जांच कराएं और संक्रमित पशु की कुर्बानी बिल्कुल न करें।

More Stories
रोहतास २७ मई २६ * “जैसे माँ की सेवा करते हैं, वैसे ही पेड़ों की भी करें देखभाल”:मंडल रेल प्रबंधक, एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत डीडीयू मंडल में पौधारोपण
बाँदा २७ मई २६ * बांदा को रेगिस्तान बना रहे हैं खनन माफिया
पूर्णिया बिहार 27 मई 26, SP के निर्देश पर पूर्णिया के बैंकों में पुलिस ने किया सुरक्षा ऑडिट, व्यवस्थाओं का लिया जायजा