रोहतास13मार्च 26*रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध-÷जिला पदाधिकारी जिला पदाधिकारी ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।*
_____________________________________
रोहताससे संवाददाता मोहम्मद इमरानअली की रिपोर्ट यूपीआजतक ✍🏻
मार्च 13, 2026
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में रोहतास जिला प्रशासन द्वारा जिले में घरेलू रसोई गैस (LPG) की निर्बाध आपूर्ति और उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर जिले में गैस की उपलब्धता पर विशेष जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि रोहतास में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, अतः आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की घबराहट या ईंधन संकट की आशंका पालने की कतई आवश्यकता नहीं है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोलियम एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सक्रिय है और मांग के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे गैस एजेंसियों या वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों अथवा अफवाहों पर ध्यान दें।
जिला प्रशासन उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु पूरी तरह सजग है और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता की निरंतर निगरानी की जा रही है। गैस वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और न्यायसंगत बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा लागू की गई नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि अब कोई भी घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्राप्त होने के कम से कम 25 दिनों के अंतराल के बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग करने के लिए पात्र होगा।
इस अनिवार्य समयावधि का निर्धारण मुख्य रूप से गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए किया गया है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक ईंधन की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और भीड़ के कारण उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।। निगरानी दल में मार्केटिंग ऑफिसर को प्रखंडवार प्रतिनियुक्त कर उन्हें छापेमारी और औचक निरीक्षण के लिए अधिकृत किया गया है।
विशेष दल निरंतर निगरानी रखेंगी ताकि कोई भी वितरक कृत्रिम अभाव पैदा न कर सके। यदि कोई भी एजेंसी या व्यक्ति जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955’ के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य हर नागरिक को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से रसोई गैस उपलब्ध कराना है।
जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और वितरण नेटवर्क की स्वयं भी सघन निगरानी करें। यदि कोई वितरक कृत्रिम अभाव पैदा करने या कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करें।
घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण एवं सिलेंडर की जमाखोरी की रोकथाम हेतु धावा दल का गठन किया गया है। घरेलू एलपीजी गैस से संबंधित मामलों के अनुश्रवण हेतु जिला स्तर पर हेल्पलाईन/जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष संख्या *06184-226072 / 06184-226093)* क्रियाशील है। कोई भी उपभोक्ता या आम जनता इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी इस हेल्पलाईन नम्बर पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दे सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त सूचनाओं, शिकायतों एवं सुझावों को विहित प्रपत्र में पंजी में संधारित किया जा रहा है। इन पर विधिवत कार्रवाई हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में पालीवार पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तैनात किया गया है।
अंत में, जिलाधिकारी ने पुनः दोहराया कि प्रशासन का मुख्य ध्येय प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से रसोई गैस उपलब्ध कराना है, इसमें जनसहयोग और धैर्य की महती आवश्यकता नही है

More Stories
कौशाम्बी 13 मार्च 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर कौशाम्बी कि कुछ महत्वपूर्ण खबरें
कौशाम्बी 13 मार्च 26*जलधारा के बीच गरजती पोकलैंड मशीनों ने खड़े किए गंभीर सवाल*
कौशाम्बी 13 मार्च 26*ट्रैक्टर से भिड़े बाइक सवार दो युवक हुए घायल*