महोबा 3 नवम्बर 26*चरखारी में एक वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी, हत्या की आशंका
मां से पूछताछ जारी, घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
चरखारी, महोबा। 3 नवंबर। कस्बा चरखारी के मोहल्ला चिंतपुरा में एक वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची की मौत के बाद हत्या की आशंका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी। एहतियातन घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चिंतपुरा में महिला पुलिस चौकी के पास स्थित एक मकान में एक वर्षीय बच्ची आराध्या का शव घर के अंदर तख्त पर मिला। बच्ची का शव देखकर उसके मामा दीपक ने महिला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को कमरे में बच्ची की मां पूजा बैठी मिली। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान मां कोई जवाब नहीं दे रही थी।
मृतका के मामा दीपक के अनुसार, वह अपनी मां के साथ मजदूरी करने गया था। शाम करीब सात बजे जब दोनों घर लौटे तो बच्ची मृत अवस्था में मिली। परिजनों ने बच्ची के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है। हालांकि, चोटों और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
दीपक ने बताया कि उसकी बहन पूजा की शादी बघारी, नवगांव में रमेश के साथ हुई थी। परिवार में कुल पांच बेटियां थीं, जिनमें से एक बेटी परी की 13 वर्ष की उम्र में पहले ही मौत हो चुकी है। वर्तमान में गुंजन (10 वर्ष), काव्या (6 वर्ष), अव्या (3 वर्ष) और आराध्या (1 वर्ष) अपनी मां के साथ मायके में रह रही थीं।
मामा के मुताबिक, बच्चियों का पिता रमेश पिछले करीब 30 वर्षों से दिल्ली में प्लंबर का काम करता है और लगभग छह महीने पहले पूजा को बच्चों सहित मायके में छोड़ गया था। उन्होंने यह भी बताया कि पति के साथ न रहने के कारण पूजा मानसिक तनाव में रहती थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग मासूम की मौत की वास्तविक वजह जानने को उत्सुक हैं।
थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा ने बताया कि एक वर्षीय बच्ची की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी हैं, जिससे मासूम की मौत का रहस्य सामने आ सके।
More Stories
लखनऊ 3 नवम्बर 26*एनडीए की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में राष्ट्रीय लोकदल की जोरदार भागीदारी*
कौशाम्बी 3 नवम्बर 26*प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ उमेश मिश्रा बने सिराथू तहसील अध्यक्ष*
ऋषिकेश 3 नंबर 26*लापता ग्रेटर नोएडा निवासी रिसॉर्ट संचालक नीरज गुप्ता का शव आज गंगा नदी में मिला है