November 8, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

बांदा 6 नवंबर 26*आगामी त्योहारों को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए DM ने की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

बांदा 6 नवंबर 26*आगामी त्योहारों को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए DM ने की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

बांदा 6 नवंबर 26*आगामी त्योहारों को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए DM ने की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*बांदा।* आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अग्निशमन, विद्युत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, आबकारी, परिवहन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पशुपालन, कृषि, खाद्य एवं रसद, जल संस्थान तथा पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

*06 से 15 नवंबर तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश*
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 06 से 15 नवंबर तक जनपद में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा अथवा समस्या होने पर तत्काल उसका समाधान कराया जाए। उन्होंने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विद्युत कंट्रोल रूम नंबर 9415909206 तथा टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। साथ ही शेष बचे ट्रांसफार्मरों को दीपावली से पूर्व निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।

*अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी संचालित*
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी चिकित्सालयों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहें। सभी चिकित्सा अधीक्षक एवं चिकित्सा अधिकारी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें तथा अस्पतालों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त कराएं। उन्होंने 102, 108 एवं एएलएस एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय मोड में रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।

*आबकारी विभाग को विशेष प्रवर्तन अभियान के निर्देश*
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत निरंतर दबिश एवं दुकानों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब की दुकानों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा दुकानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने को कहा।

*परिवहन विभाग को बसों में पटाखे न ले जाने के निर्देश*
परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत पेयजल, साफ-सफाई एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों में किसी भी दशा में ज्वलनशील एवं प्रतिबंधित सामग्री, जैसे आतिशबाजी एवं पटाखे आदि का परिवहन न होने पाए। बसों की साफ-सफाई एवं फिटनेस की नियमित जांच की जाए तथा चालक एवं परिचालकों द्वारा नशे की हालत में वाहन संचालन न किया जाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

*मिलावटी खाद्य पदार्थों पर होगी कड़ी कार्रवाई*
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतते हुए मिठाई एवं खाद्य पदार्थों की अधिक बिक्री वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं नमूने लेने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

*स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश*
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद के समस्त प्रमुख मार्गों, चौराहों, मंदिरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

जिलाधिकारी ने अन्य संबंधित विभागों को भी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने तथा त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य करें, जिससे त्योहारों के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की निरंतरता बनी रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

यूपीआजतक बांदा से ब्यूरो सुनैना निषाद की रिपोर्ट

Taza Khabar