प्रयागराज6जुलाई26*बम्हरौली में तीन भाइयों पर बम से हमला बाल-बाल बचे*
*आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस*
*प्रयागराज।**पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बम्हरौली उपरहार स्थित न्यू कॉलोनी में रविवार की शाम थार सवार तीन भाइयों पर बमबाजी और फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में तीनों भाई बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी थार गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार अहमदपुर असरौली निवासी मशरूर ने तहरीर देकर बताया कि वह रविवार की शाम करीब 6:30 बजे अपने भाई सोनू और मसूद के साथ बम्हरौली उपरहार स्थित अपने अमरूद के बाग में गया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब दर्जनभर हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें चारों ओर से घेर लिया और राइफल व तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाकर भाग रहे तीनों भाइयों को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने उनकी थार गाड़ी पर एक के बाद एक तीन बम फेंके। विस्फोट से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि, तीनों भाई किसी तरह सुरक्षित बच निकले। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया। प्रभारी निरीक्षक पूरामुफ्ती अविनाश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
कौशाम्बी6जुलाई26*प्रेरणा कैंटीन में बंद मिला ताला कहां मिले मरीजों को नाश्ता भोजन*
मुम्बई6जुलाई26*_मुंबई में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है,
कानपुर नगर6जुलाई26**2.90 लाख के लेनदेन का खौफनाक खेल