कानपुर7 अक्टूबर 26*थाईलैंड की महिला से शादी कर ऐंठे 60 लाख, फिर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव; टेनरी कारोबारी इरफान गिरफ्तार
कानपुर नगर: इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, शादी, और फिर लाखों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कानपुर के टेनरी कारोबारी इरफान ने थाईलैंड की महिला उपसॉर्न से शादी रचाकर 60 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। महिला की शिकायत पर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्यार का जाल और लाखों की ठगी
करीब 6 साल पहले इरफान की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए थाईलैंड निवासी उपसॉर्न से हुई थी। लगभग 4 साल की डेटिंग के बाद दोनों का रिश्ता गहरा हुआ और 2 साल पहले दोनों ने थाईलैंड में शादी कर ली। कारोबार के सिलसिले में इरफान का थाईलैंड आना-जाना लगा रहता था। इस दौरान उसने बैंक से लोन दिलवाकर उपसॉर्न से करीब 60 लाख रुपये ले लिए।
धर्म परिवर्तन की शर्त और फरार
पैसे मिलने के बाद जब उपसॉर्न को इरफान की नीयत पर शक हुआ, तो उसने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर इरफान ने पैसे लौटाने के बजाय शर्त रख दी कि उपसॉर्न को अपना धर्म बदलना होगा और कानपुर आकर रहना होगा। इसके बाद वह उपसॉर्न के फोन कॉल उठाने बंद कर चुपके से थाईलैंड से कानपुर भाग आया।
कानपुर पहुंची पीड़िता, खुला 14 साल पुरानी शादी का राज
ठगी की शिकार उपसॉर्न इरफान को तलाशते हुए कानपुर पहुंची। यहां आकर उसे पता चला कि इरफान पहले से ही 14 साल से शादीशुदा है और उसके बाल-बच्चे भी हैं। पीड़िता ने बताया कि उसने बैंक से कर्ज लेकर इरफान को रकम दी थी। अब वह उसके साथ रिश्ता नहीं रखना चाहती, केवल अपना पैसा वापस पाना चाहती है।
पीड़िता की तहरीर पर कानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: गोपेन्द्र सिंह, कानपुर नगर यूपीआजतक
More Stories
लखनऊ 7 अक्टूबर 26**मौसम तेजी से बिगड़ने की गंभीर चेतावनी*
सुल्तानपुर 7 अक्टूबर 26*बल्दीराय तहसील में 32 लेखपालों के कार्यक्षेत्र बदले*
नई दिल्ली 7 अक्टूबर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें*