मथुरा 3 अक्टूबर 26*गुड टच-बैड टच को लेकर बच्चों को किया जागरूक
बाल सुरक्षा के साथ चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी, मनोवैज्ञानिक ने गुब्बारे के जरिए समझाया
कु0 सोनम यूपीआजतक
वृंदावन (मथुरा )। वेणु कवच फाउंडेशन एवं इनाया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सत्यादेवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में बच्चों को सुरक्षा एवं जागरूकता के प्रति सजग करने के उद्देश्य से ‘गुड टच-बैड टच’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम वेणु कवच फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं इनाया फाउंडेशन की सचिव नितिशा शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि स्थाई लोक अदालत मथुरा की सदस्य प्रतिभा शर्मा ने बच्चों को सरल एवं सहज तरीके से गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने शरीर के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी ऐसे स्पर्श या व्यवहार से असहज महसूस होने पर तत्काल माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
इस दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई। नितिशा शर्मा ने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, असुरक्षा, शोषण या सहायता की आवश्यकता होने पर 1098 पर मदद ली जा सकती है। उन्होंने मनोरंजक तरीके से बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी तथा अनुचित व्यवहार को छिपाने के बजाय उसके बारे में खुलकर बताने के लिए प्रेरित किया।
मनोवैज्ञानिक निधि गर्ग ने गुब्बारों के माध्यम से बच्चों को बाल सुरक्षा एवं अच्छे-बुरे स्पर्श के बारे में समझाया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र दत्त शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग किया। विद्यालय परिवार ने बच्चों की सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय अध्यक्ष चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने किया।
More Stories
कानपुर नगर 3 अक्टूबर 26*बिल्हौर में PDA चौपाल: वोट बचाओ, देश बचाओ का गूंजा नारा
पूर्णिया बिहार 3 अक्टूबर26 *बनमनखी में SDM का बड़ा एक्शन: अवैध 2 दुकानें सील, मिठाइयों के सैंपल जब्त*
बांदा 3 अक्टूबर 26*बसपा की मंडल स्तरीय कार्यकर्त्ता समीक्षा बैठक संपन्न, 9 अक्टूबर को लखनऊ चलने का आह्वान*