कौशाम्बी 24 नवंबर 26*नाली नहीं बनी तो सड़क पर जमा पानी, अंधेरे में गांव! ग्रामीणों ने प्रधान पर लगाए गंभीर आरोप
जनपद कौशांबी। मूरतगंज विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरई सुरेम सगरा में नाली और स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नाली का निर्माण न होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं गंदगी और जलभराव के कारण आए दिन लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच नाली को लेकर विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति भी बनी रहती है
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में न तो कोई हाई मास्क लाइट लगी है और न ही बिजली के खंभों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे ग्रामीणों को चोरी की घटनाओं का डर बना रहता है
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि करीब एक-दो वर्ष पहले नाली निर्माण के लिए एक ट्रैक्टर बालू, एक ट्रैक्टर सीमेंट और कुछ सरिया गांव में लाया गया था। लेकिन किसी कारणवश नाली का निर्माण शुरू नहीं हो सका। अब ग्रामीण प्रधान से सवाल कर रहे हैं कि यदि नाली निर्माण का काम नहीं हुआ तो निर्माण सामग्री आखिर गई कहां? ग्रामीणों की मांग है कि यदि सामग्री उपलब्ध है तो तत्काल नाली निर्माण में उसका इस्तेमाल कराया जाए
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से नाली और प्रकाश व्यवस्था की समस्या को लेकर शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रधान से मांग की है कि गांव में लाई गई निर्माण सामग्री का हिसाब स्पष्ट किया जाए और नाली का निर्माण जल्द कराया जाए
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर गांव में जल्द नाली निर्माण कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व हाई मास्क लाइट लगवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली बन जाने से जलभराव और विवाद की समस्या कम होगी, जबकि गांव में पर्याप्त रोशनी होने से रात के समय चोरी का भय भी कम होगा। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत पर जिम्मेदार अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं

More Stories
पंजाब 24 नवंबर 26*पंजाब की राजनीति में नए अध्याय का शुभारंभ! 🇮🇳*
लखनऊ 24 नवंबर 26*बंद मकानों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का मड़ियांव पुलिस ने किया भंडाफोड़ 2 गिरफ्तार।*
लखनऊ24 नवंबर 26*AIMIM और आजाद समाज पार्टी की 26 नवंबर को बड़ी रैली