July 15, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

कानपुर नगर15जुलाई26*गंदगी में बन रहे थे मोमोज, तीन निर्माणशालाएं बंद; 115 किलो संदिग्ध चटनी नष्ट*

कानपुर नगर15जुलाई26*गंदगी में बन रहे थे मोमोज, तीन निर्माणशालाएं बंद; 115 किलो संदिग्ध चटनी नष्ट*

कानपुर नगर15जुलाई26*गंदगी में बन रहे थे मोमोज, तीन निर्माणशालाएं बंद; 115 किलो संदिग्ध चटनी नष्ट*

 

कानपुर नगर*रावतपुर और साकेत नगर में गंदगी के बीच मोमोज तैयार किए जा रहे थे और उनके साथ परोसी जाने वाली चटनी भी अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी मिली। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर तीन मोमोज निर्माणशालाओं का संचालन बंद करा दिया। टीम ने जांच के लिए नमूने संग्रहित किए तथा करीब 115 किलोग्राम संदिग्ध चटनी को नगर निगम के वेस्ट डिस्पोजल यार्ड में नष्ट कराया। वहीं, मसवानपुर क्षेत्र में मोमोज बेचने वाले ठेलों पर रखे रंगीन फिंगर चिप्स और रंगीन चटनी भी नष्ट कराई गई।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सचल दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय वर्मा, रजनीश कुमार राय, अनिल कुमार एवं सारिका सिंह ने केशव नगर, रावतपुर गांव स्थित आकाश मोमोज निर्माणशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई बेहद खराब मिली। मोमोज के साथ परोसी जाने वाली चटनी भी अस्वच्छ एवं संदिग्ध परिस्थितियों में संग्रहीत पाई गई। विभाग ने चटनी का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया तथा लगभग 40 किलोग्राम चटनी का विनष्टीकरण कराया। साफ-सफाई सहित अन्य कमियां दूर होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद टीम ने 116/139ए, रावतपुर गांव स्थित श्री बालाजी मोमोज निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक खाद्य पंजीकरण नहीं मिला। निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई भी बेहद खराब पाई गई तथा रंगीन चटनी अस्वच्छ एवं दूषित परिस्थितियों में संग्रहीत मिली। विभाग ने रंगीन चटनी एवं मोमोज के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए तथा लगभग 45 किलोग्राम चटनी का विनष्टीकरण कराया। खाद्य पंजीकरण प्राप्त करने तथा सभी कमियां दूर होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रश्मि प्रभा ने साकेत नगर स्थित एक मोमोज निर्माणशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां भी परिसर की साफ-सफाई अत्यंत खराब मिली तथा मोमोज में प्रयोग की जाने वाली चटनी अस्वच्छ एवं संदिग्ध परिस्थितियों में संग्रहीत पाई गई। विभाग ने चटनी का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया तथा लगभग 30 किलोग्राम चटनी का नगर निगम के वेस्ट डिस्पोजल यार्ड में विनष्टीकरण कराया। साफ-सफाई सहित अन्य कमियां दूर होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए।

अभियान के तीसरे चरण में मसवानपुर क्षेत्र में मोमोज बेचने वाले ठेलों की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान ठेलों पर बिक रहे रंगीन फिंगर चिप्स तथा उनके साथ परोसी जा रही रंगीन चटनी स्वच्छता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही इन खाद्य पदार्थों का विनष्टीकरण कराते हुए संबंधित विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी।

विभाग द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह ने कहा कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय में स्वच्छता मानकों का पालन प्रत्येक खाद्य कारोबारकर्ता के लिए अनिवार्य है। अस्वच्छ अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण या विक्रय करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जांच में मानक के विपरीत पाए जाने वाले मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Taza Khabar