कानपुर नगर 22मार्च 26*बिल्हौर में PWD की ‘गुंडागर्दी’ के खिलाफ गरजीं रचना सिंह: बिना नोटिस किसानों की जमीन हड़पने का आरोप
प्रशासनिक मिलीभगत से निजी संस्था को लाभ पहुँचाने का खेल, 48 घंटे में काम न रुकने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
बिल्हौर (कानपुर नगर): समाजवादी पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रीमती रचना सिंह गौतम ने आज बिल्हौर तहसील में PWD और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामला 5 गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर अवैध रूप से किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण का है, जहाँ बिना किसी विधिक प्रक्रिया, नोटिस या मुआवजे के किसानों की कीमती कृषि भूमि पर जबरन कब्जा किया जा रहा है।
नक्शे में 15 फीट, हकीकत में 36 फीट की ‘लूट’
किसानों की शिकायत पर मौके पर पहुँची रचना सिंह ने पाया कि राजस्व अभिलेखों में सड़क की चौड़ाई मात्र 15 फीट दर्ज है, लेकिन PWD विभाग इसे 36 फीट चौड़ा कर नाला निर्माण करा रहा है। आरोप है कि यह सारा खेल एक निजी संस्था और सत्तापक्ष के एक ‘कद्दावर’ नेता को अनुचित लाभ पहुँचाने के लिए रचा गया है।
अधिकारियों के पास नहीं था लिखित आदेश
मौके पर पैमाइश कर रहे लेखपाल और कानूनगो से जब रचना सिंह ने विधिक नोटिस और मुआवजा वितरण के संबंध में सवाल किए, तो वे कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। अधिकारियों के पास पैमाइश का कोई ‘लिखित आदेश’ तक मौजूद नहीं था। रचना सिंह ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, “क्या अब बिल्हौर में बाबा साहेब के संविधान से नहीं, बल्कि सत्ता के मौखिक आदेशों और ठेकेदारों की गुंडागर्दी से काम होगा?”
किसानों को धमका रहे ठेकेदार के गुंडे
पीड़ित किसानों ने बताया कि विरोध करने पर ठेकेदार के गुर्गे उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और उनके साथ हाथापाई की जा रही है। रचना सिंह ने स्पष्ट किया कि ‘भूमि अर्जन अधिनियम 2013’ की धारा 38 के अनुसार बिना पूर्ण मुआवजे के कब्जा लेना गैर-कानूनी है।
SDM को सौंपा अल्टीमेटम
जिलाधिकारी कानपुर के संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए रचना सिंह ने कठोर सवाल पूछे हैं कि अधिसूचना का प्रकाशन किस समाचार पत्र में हुआ और किसानों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि यह अवैध निर्माण तुरंत नहीं रुका, तो वे किसानों के साथ तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने के लिए विवश होंगी।
इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों किसान और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More Stories
पंजाब 22 मार्च 26*पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़े चम्बा के पति-पत्नी, गाड़ी के डैशबोर्ड में छिपा रखी थी नशे की खेप*
लखनऊ22 मार्च 26*भाजपा लखनऊ महानगर की कार्यकारणी की गई घोषणा*
मऊगंज22 मार्च 26*नो-एंट्री में घुसने वाले वाहनों पर पुलिस की कार्यवाही, 6 वाहनों से वसूला 30 हजार का जुर्माना*