अयोध्या 10 नवम्बर 26*अयोध्या की रानी देवी के इलाज के लिए पति ने बेचीं भैंसें, अब तीन मासूम बच्चों के सामने दाने-दाने का संकट।*

बीकापुर। अयोध्या जनपद के तहसील बीकापुर के अंतर्गत ग्राम सभा माझा सोनोरा की रहने वाली रानी देवी पिछले एक महीने से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। गंभीर बीमारी और परिवार की अत्यंत दयनीय आर्थिक स्थिति के कारण आज यह परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो चुका है।

आर्थिक तंगी का आलम यह है कि महिला के इलाज के लिए घर की आखिरी जमा-पूंजी और आजीविका का एकमात्र साधन—तीन पालतू भैंसें—भी बेचनी पड़ गईं, लेकिन फिर भी इलाज पूरा नहीं हो पा रहा है।
परिजनों के अनुसार, रानी देवी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सबसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें मंडलीय अस्पताल, दर्शन नगर रेफर किया गया। एक महीने तक सरकारी अस्पतालों में इलाज चलने के बाद भी जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।

लखनऊ के सरकारी संस्थान में भी सही उपचार और समय पर बेड न मिल पाने के कारण विवश होकर परिजनों को उन्हें एक निजी (प्राइवेट) अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। प्राइवेट अस्पताल में प्रतिदिन लग रहे भारी-भरकम खर्च ने परिवार की कमर तोड़ कर रख दी है।
रानी देवी के पति भानु प्रताप पेशे से दिहाड़ी मजदूर हैं। मजदूरी से होने वाली मामूली आय से जैसे-तैसे परिवार का भरण-पोषण होता था। इस संकट की घड़ी में उनके सामने पत्नी की जान बचाने और अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों—अंशिका, प्रिंस और शांति की देखभाल करने की दोहरी चुनौती है। मां की गंभीर हालत और घर में खाने के संकट को देख तीनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है। इनके बच्चों ने रोते हुए बताया कि अस्पताल की महंगी दवाओं और इलाज के खर्च को पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी तीन पालतू भैंसें तक बेच दीं, जो उनके दूध के व्यापार और आजीविका का जरिया थीं। अब उनके पास इलाज तो दूर, बच्चों को दो वक्त की रोटी खिलाने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। पैसों के अभाव में रानी देवी की दवाइयां बीच में ही रुकने की नौबत आ गई है।
More Stories
लखनऊ 10 नवम्बर 2026* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह 7.20 बजे की बड़ी खबरें……………….*
नई दिल्ली 10 नवम्बर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह की देश राज्यों से बड़ी खबरें*
नई दिल्ली 10 नवम्बर 26 यूपीआजतक न्यूज चैनल पर *आज का राशिफल*