अयोध्या 30 मार्च 26*नीरज की नई उड़ान — यूपी पीसीएस परीक्षा में 33 वीं रैंक हासिल कर बने युवाओं के लिए प्रेरणा
क्षेत्र का बढ़ाया मान,खंड विकास अधिकारी पद पर चयन
भेलसर(अयोध्या)विधानसभा क्षेत्र रुदौली अंतर्गत विकास खंड मवई के ग्राम नेवरा निवासी वेद प्रकाश जायसवाल (मुन्ना) के पुत्र नीरज जायसवाल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपी पीसीएस) 2024 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 33 वीं रैंक प्राप्त की है। इस सफलता के साथ उनका चयन खंड विकास अधिकारी (BDO) पद पर हुआ है।
नीरज की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम,दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार हुआ है। नीरज जायसवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन,सहयोग और आशीर्वाद के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
जैसे ही यह बड़ी खबर आई देखते ही देखते उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। आस पास के गांवों से भी लोग उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दी।
समाजसेवी दानिश हुसैन ने दूरभाष के माध्यम से नीरज के पिता को बधाई देते हुए इसे पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने नीरज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर एहतिराम हुसैन,सैय्यद ताल्मीज अशरफ़, पंकज जायसवाल,वरिष्ठ अधिवक्ता पुष्कर तिवारी, आफाक इदरीशी,निर्मल जायसवाल,अनिल शुक्ला, अमित शुक्ला, ओम प्रकाश जायसवाल सहित लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

More Stories
पूर्णिया बिहार 30 मार्च 26* जल जमाव की समस्या को लेकर विधायक ने नाला का किया शिलान्यास
लखनऊ 30 मार्च 26*स्मार्ट प्रीपेड मीटर में पूर्व में रिचार्ज करना पड़ेगा- यूपीपीसीएल चेयरमैन आशीष गोयल*
मथुरा 30 मार्च 26*थाना फरह पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम में वाँछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार ।*