अयोध्या ५ जून २०२६ * मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर वृक्षारोपण, जनचौपाल एवं विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
भेलसर(अयोध्या)मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर रुदौली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण, फल वितरण, जनचौपाल एवं सड़क निर्माण कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि रुदौली विधायक रामचंद्र यादव रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को मुख्यमंत्री के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मां कामाख्या धाम के पावन गोमती तट पर वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही गुरु गोरखनाथ मंदिर, बाबू कल्याण सिंह वार्ड में भी पौधरोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरनपुर में मरीजों एवं तीमारदारों के बीच फल वितरण किया गया तथा अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया।
सिवन बाजिदपुर में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान रुदौली के खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने उपस्थित ग्रामीणों की एक-एक कर समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। जनचौपाल में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूहों के माध्यम से उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता प्राप्त हुई है। महिलाओं ने समूहों से मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए अन्य मातृशक्तियों को भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष माधुरी सिंह ने की।
इस अवसर पर विधायक रामचंद्र यादव ने क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सिवन बाजिदपुर से चौधरी का पुरवा संपर्क मार्ग के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिसकी कुल लागत 120.46 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त अमराई गांव में 66 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं रूदौली-ऐहार मार्ग से करिया का पुरवा संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया गया, जिसकी लागत लगभग 1 करोड़ 12 लाख रुपये है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही सुगम होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।विधायक रामचंद्र यादव ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए सभी लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में मां कामाख्या नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, अखंड प्रताप सिंह, भानु प्रताप सिंह, नेहा सिंह, माधुरी सिंह, प्रधान अशोक कुमारी, वीरेंद्र शर्मा, राम कैलाश मौर्य, राकेश यादव, मोहम्मद उस्मान, रामप्रसाद यादव, तेज तिवारी, आशीष शर्मा, चक्र प्रसाद रावत, सनी मिश्रा, पंडित अमित शास्त्री एवं रणधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

More Stories
भागलपुर5जून 26*विक्रमशिला सेतु पर 7 जून से पुनः शुरू होगा वाहनों का परिचालन,
मिर्जापुर: 5 जून 2026 व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन
भागलपुर ५ जून २०२६ * विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएम व एसएसपी ने किया वृक्षारोपण