अम्बेडकरनगर 14 नवंबर 26*एक डिग्री, कई ठिकाने! जहांगीरगंज में डॉक्टर की तैनाती का अजब खेल, स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर सवाल*
*साक्षी डायग्नोस्टिक से लक्ष्मी डायग्नोस्टिक तक एक ही चिकित्सक की डिग्री के इस्तेमाल के आरोप, सीएचसी अधीक्षक की कार्यप्रणाली भी जांच के घेरे में*

अम्बेडकरनगर। जिले के जहांगीरगंज क्षेत्र में निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के संचालन और चिकित्सकों की डिग्री के इस्तेमाल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि एक ही चिकित्सक की डिग्री का इस्तेमाल अलग-अलग अस्पतालों और क्लीनिकों में किया जा रहा है। यदि आरोप सही हैं तो यह न केवल स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर मामला है।
मामले की शुरुआत वर्ष 2023 से जुड़ी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, उस समय साक्षी डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीकरण डॉ. अमित कुमार की डिग्री के आधार पर कराया गया था। आरोप है कि बाद में यही प्रतिष्ठान साक्षी क्लीनिक के रूप में संचालित होने लगा और वहां डॉ. ओपी त्रिपाठी की मौजूदगी भी सामने आने लगी। ऐसे में सवाल है कि प्रतिष्ठान का नाम और संचालन बदलने के लिए विभागीय अनुमति ली गई या नहीं?
मामला यहीं तक सीमित नहीं है। आरोपों के अनुसार, डॉ. ओपी त्रिपाठी का नाम बसखारी स्थित वरदान हॉस्पिटल से भी जुड़ा है, जहां उनकी पूर्णकालिक सेवाएं होने की बात कही जा रही है। दूसरी तरफ जहांगीरगंज में सुबह आठ से नौ बजे और दोपहर दो से तीन बजे तक मरीजों को देखने का दावा है। इसके अलावा लक्ष्मी क्लीनिक और नगमा क्लीनिक में भी उनकी डिग्री लगाए जाने की बात सामने आई है। यदि ऐसा है तो एक चिकित्सक की डिग्री और सेवाओं का कई संस्थानों में इस्तेमाल किस आधार पर हो रहा है?
*छापेमारी में भी सामने आया नाम*
हाल ही में बसखारी सब्जी मंडी के निकट स्थित लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान अल्ट्रासाउंड कक्ष को सील कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मौके पर डॉ. ओपी त्रिपाठी भी मौजूद थे और उनकी डिग्री के आधार पर जांच कार्य संचालित हो रहा था। इस कार्रवाई के बाद अन्य प्रतिष्ठानों में उनकी डिग्री के इस्तेमाल को लेकर भी जांच की मांग उठने लगी है।
*पोर्टल पर पंजीकरण का रिकॉर्ड कहां?*
साक्षी डायग्नोस्टिक सेंटर के पंजीकरण को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। दावा है कि संबंधित पोर्टल पर प्रतिष्ठान का पंजीकरण रिकॉर्ड स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में विभाग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सेंटर का पंजीकरण कब, किस चिकित्सक की डिग्री पर और किन शर्तों के तहत किया गया था। क्या पंजीकरण का नवीनीकरण हुआ है और क्या वर्तमान संचालन नियमानुसार है?
इस पूरे प्रकरण में जहांगीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय स्तर पर विभागीय संरक्षण और कथित मिलीभगत के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में निष्पक्ष जांच के साथ संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना भी जरूरी है।
*डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग*
अब जिलाधिकारी ईशा प्रिया से मांग उठ रही है कि संबंधित सभी अस्पतालों और क्लीनिकों के पंजीकरण, चिकित्सकों की डिग्री, तैनाती और कार्य अवधि की जांच किसी स्वतंत्र टीम से कराई जाए। साथ ही अल्ट्रासाउंड संचालन से जुड़े पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन की भी जांच हो। अनियमितताएं प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सवाल सीधा है कि क्या एक चिकित्सक की डिग्री कई संस्थानों के लिए इस्तेमाल हो सकती है? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर निरीक्षण और निगरानी की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है? मरीजों की जिंदगी से जुड़े इस मामले में अब विभागीय स्पष्टीकरण और दस्तावेजी जांच का इंतजार है।
More Stories
लखनऊ 14 नवंबर 26*वजीरगंज पुलिस ने दूसरे चेन स्नैचर को दबोचा
लखनऊ 14 नवंबर 26*राष्ट्र की शक्ति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है सैन्य परिवार: मुख्यमंत्री*
बिजनौर 14 नवम्बर 26*UP पुलिस का एक वाकया पढ़िए – बिजनौर के 4 पुलिसकर्मियों पर 5 लाख की वसूली का आरोप, चारों सस्पेंड*