सुल्तानपुर17जुलाई26* युवती से घर में घुसकर मारपीट: बचाने पहुंचे शिक्षक पिता का सिर फोड़ा, 11 नामजद पर केस*
सुल्तानपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में एक युवती और उसके शिक्षक पिता पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट और अभद्रता की। विरोध करने पर उसे घसीटकर बाहर ले जाया गया। बाद में बीच-बचाव करने पहुंचे उसके शिक्षक पिता पर भी हमला कर उनका सिर फोड़ दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 7 जुलाई की दोपहर गांव के कुछ लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया तो आरोपी जबरन घर में घुस आए और हमला कर दिया।
मारपीट के साथ अभद्रता का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और घसीटते हुए घर के बाहर ले आए। उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान पुरुष आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की, कपड़े फाड़ दिए और उसकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। पीड़िता का यह भी कहना है कि घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तब जाकर उसकी जान बच सकी।
बेटी को घायल देख पिता पर भी किया हमला
घटना के बाद पीड़िता अपने चचेरे भाई के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रही थी। रास्ते में स्कूल से लौट रहे उसके शिक्षक पिता मिल गए। बेटी की हालत देखकर जब उन्होंने आरोपियों से घटना की जानकारी लेनी चाही तो आरोप है कि आरोपी वहां भी पहुंच गए और उन पर हमला कर दिया। ईंट से वार कर उनका सिर फोड़ दिया गया। पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी राजेश कुमार ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें नौकरी से हटवाने की धमकी भी दी।
*11 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर*
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर राजेश कुमार, वंदना, संगीता, सुनीता, मनोज कुमार, श्रद्धा, अंजलि, राजकुमारी, राज नारायण, आशा सहित 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक हवलदार सिंह यादव को सौंपी गई है।
पुलिस बोली- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
गोरखपुर17जुलाई26*सदर एसडीएम बने ज्ञान प्रताप सिंह, डीएम ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी*
गोरखपुर17जुलाई26*सत्य प्रकाश गुप्ता ने सदर तहसीलदार का पदभार संभाला, प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ*
मथुरा 17 जुलाई 26* एसएसपी द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर अधिकारियों कर्मचारियों के साथ शारीरिक व्यायाम किया गया*