शाहजहांपुर30जुलाई26*🌐रौजा थाने के एसआई राजेंद्र सिंह की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी*
शाहजहांपुर से कृष्ण प्रताप सिंह की रिपोर्ट यूपीआजतक
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक (एसआई) राजेंद्र सिंह का शव बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उनके किराये के कमरे में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, एसआई राजेंद्र सिंह मूल रूप से शामली जिले के निवासी थे। उनका परिवार मेरठ में रहता है। हाल ही में उनका तबादला थाना खुदागंज से रोजा थाने के हल्का नंबर-2 में हुआ था। वह आदर्श नगर कॉलोनी की गली नंबर-6 स्थित एक कमरे में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह से उनका मोबाइल फोन बंद था। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिजनों ने रोजा थाना प्रभारी को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी ने पुलिस कर्मियों को उनके आवास पर भेजा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो एसआई राजेंद्र सिंह बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। इसकी सूचना तत्काल थाना प्रभारी को दी गई। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

More Stories
नई दिल्ली30जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह की देश राज्यों से बड़ी खबरें*
नई दिल्ली30जुलाई26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर दिन गुरुवार*आज का राशिफल*
नई दिल्ली30जुलाई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर इतिहास की मुख्य घटनाओं सहित पञ्चांग – मुख्यांश ..*