वाराणसी 13 नवंबर 26*नागनथैया लीला में जीवंत हुआ द्वापर, कालिया नाग के फन पर नाचे कन्हैया*
*तुलसी घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कदंब की डाल से गंगा में कूदे बाल कृष्ण*
*हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा तुलसी घाट*

वाराणसी। काशी नगरी शुक्रवार को एक बार फिर द्वापर युग की साक्षी बनी। तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला के दर्शन के लिए दोपहर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम 4:40 बजे जैसे ही बाल स्वरूप श्रीकृष्ण ने गेंद खोजने के लिए कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाई, पूरा घाट जयकारों से गूंज उठा।
कुछ ही देर बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर नृत्य करते कन्हैया जी के दर्शन हुए तो श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। गंगा की लहरों के बीच ऐसा दृश्य साकार हुआ कि तुलसी घाट पर काशी नहीं, बल्कि मथुरा, वृंदावन और गोकुल नजर आने लगे।
गोस्वामी तुलसीदास की ओर से शुरू की गई इस सदियों पुरानी परंपरा का शुक्रवार को भव्य आयोजन हुआ। लीला के दौरान तुलसी घाट पर ‘जय कन्हैया लाल की’ के साथ ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष गूंजते रहे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो द्वापर युग फिर से लौट आया हो और मां गंगा ने कालिंदी यानी यमुना का स्वरूप धारण कर लिया हो।
नागनथैया लीला में जीवंत हुआ द्वापर, कालिया नाग के फन पर नाचे कन्हैया
लीला में बाल श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे श्रेयन शर्मा जैसे ही गेंद खोजने के लिए कदंब की डाल से गंगा में कूदे, घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं की सांसें थम गईं। हर किसी की निगाहें गंगा की लहरों पर टिकी थीं। कुछ ही पलों बाद कालिया नाग के फन पर विराजमान कन्हैया के दर्शन हुए। नाग के फन पर नृत्य करते और बांसुरी की धुन छेड़ते बाल कृष्ण का मनोहारी स्वरूप देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
कालिया नाग का मान मर्दन कर भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। गंगा की लहरों के बीच साकार हुई इस लीला ने एक बार फिर काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत कर दिया। श्रद्धालुओं के लिए यह महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं को अपनी आंखों के सामने देखने का अद्भुत अनुभव रहा।
More Stories
लखनऊ 13 नवंबर 26*भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) की मासिक बैठक संपन्न*
लखनऊ 13 नवंबर 26*अम्बेडकर महासभा द्वारा 16 नवंबर को प्रेस दिवस का आयोजन*
लखनऊ 13 नवंबर 26*मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्टों नें जनपदों में दिया धरना*