मुजफ्फरनगर 1 अक्टूबर 26 शुकतीर्थ के विकास को मिली बड़ी सौगात, ₹15.06 करोड़ स्वीकृत,,,,,,,
लोकेन्द्र गौतम
ब्यूरो चीफ सहारनपुर मंडल यूपीआजतक
मुजफ्फरनगर। जनपद के विश्वविख्यात एवं पौराणिक तीर्थस्थल शुकतीर्थ (शुकदेव पीठ) के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश सरकार के आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग-1 द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शुकतीर्थ क्षेत्र के विकास के लिए ₹15.06 करोड़ (15 करोड़ 6 लाख रुपये) की धनराशि स्वीकृत की गई है।
यह स्वीकृति व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल द्वारा शुकतीर्थ के विकास के लिए की जा रही निरंतर पहल और शासन स्तर पर की गई पैरवी के बाद मिली है। मंत्री की ओर से शुकतीर्थ के धार्मिक, पर्यटन एवं नागरिक महत्व को देखते हुए क्षेत्र में आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं के विकास की आवश्यकता शासन के समक्ष रखी गई थी।
करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में बनेंगी सीसी सड़कें
स्वीकृत धनराशि से शुकतीर्थ क्षेत्र की परिधि में लगभग 3 किलोमीटर लंबाई में मुख्य गलियों एवं संपर्क मार्गों पर सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर नालियों का निर्माण भी किया जाएगा।
इन कार्यों के पूरा होने के बाद शुकतीर्थ की आंतरिक सड़कों की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। बरसात के दौरान होने वाले जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्याओं में भी कमी आएगी। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को वर्षभर बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
शासनादेश के अनुसार विकास कार्य आय-व्ययक अनुदान संख्या-002 के मानक मद-24 के अंतर्गत विकास प्राधिकरणों के माध्यम से सम्मिलित करते हुए सक्षम स्तर से अनुमोदित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को मिलेगा लाभ
शुकतीर्थ मुजफ्फरनगर ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं, साधु-संतों और पर्यटकों का आवागमन रहता है। विशेष पर्वों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है।
सीसी सड़क एवं नाली निर्माण से श्रद्धालुओं, साधु-संतों, स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क और जलनिकासी व्यवस्था से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार के साथ शुकतीर्थ की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
विकास को लेकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल की पहल
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ हमारी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शुकतीर्थ के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और ₹15.06 करोड़ की स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित मानकों के अनुरूप धरातल पर उतारना प्राथमिकता होगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
शुकतीर्थ में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर संपर्क मार्ग, सीसी सड़क और जलनिकासी व्यवस्था से श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा होगी।
स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने शुकतीर्थ के विकास के लिए ₹15.06 करोड़ की स्वीकृति मिलने पर प्रदेश सरकार और मंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने इसे शुकतीर्थ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे लंबे समय से चली आ रही सड़क एवं जलनिकासी संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।
More Stories
कानपुर देहात, 01 अक्टूबर 2026**अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम में सम्मान समारोह आयोजित*
रायगड 1 अक्टूबर 26*अनोळखी लिंकवर क्लिक करू नका! वाढत्या सायबर गुन्हेगारीविरोधात रायगड पोलिसांचे नागरिकांना सतर्क राहण्याचे आवाहन
पूर्णिया बिहार 1 अक्टूबर 26 पूर्णिया में पहली बार नाइट मैराथन, महिला सुरक्षा के लिए दौड़ा शहर*