भागलपुर5 अप्रैल 26*फर्जी शपथ पत्र कांड का बड़ा खुलासा, तकनीकी जांच से गिरोह बेनकाब*
भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता
भागलपुर जिले में चर्चित फर्जी शपथ पत्र कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब 90 दिनों तक चली गहन और तकनीकी जांच के बाद जगदीशपुर थाना पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में अहम सफलता हासिल करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई से फर्जीवाड़े के संगठित गिरोह की परतें धीरे-धीरे खुलने लगी हैं।वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चल रही इस जांच का नेतृत्व एसआई विकास कुमार कर रहे थे। पुलिस टीम ने बुधवार शाम तातारपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर स्वर्गीय मोहम्मद इस्लाम के पुत्र मो. सैफुल इस्लाम उर्फ बिक्की को एक प्रिंटिंग दुकान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जगदीशपुर थाना लाकर गहन पूछताछ की गई। इसके बाद मेडिकल जांच कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, बाद में कोर्ट ने उसे बंधपत्र (बॉन्ड) पर रिहा कर दिया।यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने टाउन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फर्जी नामांतरण प्रकरण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद रेंज आईजी और एसएसपी ने खुद मामले की मॉनिटरिंग शुरू कर दी थी, जबकि जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी को सौंपी गई थी।गौरतलब है कि 4 जनवरी को सदर एसडीओ के आदेश पर जगदीशपुर सीओ सतीश कुमार ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीडीआर, सर्वर डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर अहम सुराग जुटाए। मुख्य आरोपी की मौत के बावजूद पुलिस ने जांच जारी रखी और नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता पाई,फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

More Stories
बलिया5 अप्रैल 26*SI बनकर वाहन चेकिंग करता हुआ सपा कार्यकर्ता अमित गिरफ्तार*
लखनऊ 5 अप्रैल 26**उप्र सरकार का यूपी पुलिस में 81,000 से अधिक पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान*
भागलपुर 5 अप्रैल 26*ईस्टर्न बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सत्र 2026-29 के लिए कार्यकारिणी का पदस्थापना कार्यक्रम का आयोजन