बांदा 12 अगस्त 26*सेंट मैरी स्कूल की छुट्टी में सड़क बन जाती है ‘पार्किंग जोन’, जाम में फंसते हैं बच्चे और एंबुलेंस*
*भारी फीस के बावजूद पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप, वर्षों से बनी समस्या पर जिम्मेदार मौन*
यूपीआजतक बांदा से ब्यूरो सुनैना निषाद की रिपोर्ट
बांदा। -शहर के सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों से फीस के नाम पर मोटी रकम वसूले जाने के बावजूद स्कूल परिसर के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से छुट्टी के समय गंभीर यातायात समस्या पैदा हो रही है। स्कूल की छुट्टी होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेने वाहनों से पहुंचते हैं, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। हालत यह रहती है कि स्कूली बच्चे, सरकारी बसें, एंबुलेंस और आम राहगीर तक जाम में फंस जाते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह समस्या आज की नहीं बल्कि कई वर्षों से चली आ रही है, लेकिन अब तक न तो स्कूल प्रशासन की ओर से इसका स्थायी समाधान किया गया और न ही संबंधित विभाग के अधिकारियों ने प्रभावी कार्रवाई की। छुट्टी के समय सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से मार्ग संकरा हो जाता है और कुछ ही देर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है।
छुट्टी के समय हालात हो जाते हैं गंभीर
स्कूल की छुट्टी के दौरान बच्चों को लेने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक कार, बाइक और अन्य वाहनों से पहुंचते हैं। पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। इसके चलते एक ओर बच्चों की भीड़ रहती है तो दूसरी ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
सबसे बड़ी चिंता उस समय पैदा होती है जब इसी दौरान एंबुलेंस या अन्य आपातकालीन वाहन जाम में फंस जाएं। आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है। सरकारी बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों के साथ आम लोगों को भी काफी देर तक जाम में फंसे रहने की स्थिति का सामना करना पड़ता है।
बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल
जाम के दौरान बच्चों को सड़क पर वाहनों के बीच से निकलना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। अभिभावकों का कहना है कि जिस स्थान पर रोजाना सैकड़ों बच्चे आते-जाते हैं, वहां यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि यदि स्कूल में इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और छुट्टी के समय बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं तो स्कूल प्रबंधन द्वारा पार्किंग एवं वाहनों के आवागमन की ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
कई साल से समस्या, फिर भी कार्रवाई नहीं
लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों को भी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। छुट्टी के समय यातायात पुलिस की व्यवस्था, नो-पार्किंग क्षेत्र का निर्धारण अथवा स्कूल प्रबंधन को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जैसे उपाय किए जाएं तो समस्या काफी हद तक नियंत्रित हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी, यातायात पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर स्कूल के आसपास यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को बच्चों और अभिभावकों के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा छुट्टी के समय सड़क पर वाहनों का जमावड़ा रोकने के निर्देश देने की मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि मामला केवल जाम का नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन से जुड़ा है। इसलिए वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान अब जरूरी हो गया है।
More Stories
नई दिल्ली 2 अक्टूबर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर *आज का राशिफल*
नई दिल्ली 2 अक्टूबर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर इतिहास की मुख्य घटनाओं सहित पञ्चांग – मुख्यांश ..*
नई दिल्ली 2 अक्टूबर 26* यूपीआजतक न्यूज चैनल पर देश और दुनियाँ की बड़ी खबरें