कौशाम्बी 12 नवम्बर 26*पत्रकार से खबर भी चाहिए, ईमानदारी भी चाहिए,लेकिन उसकी मेहनत का पैसा देने में क्यों दुखता है दिल* ?
*समाज को आईना दिखाने वाला पत्रकार खुद आर्थिक संघर्ष के अंधेरे में जीने को मजबूर,*
*सफेदपोशों की चमक के पीछे छिपी है विज्ञापन के भुगतान की कड़वी सच्चाई खबरों में पत्रकार चाहिए,विज्ञापन में बहाने*

*कौशाम्बी*। बदलते आज के दौर में पत्रकारिता करना आसान नहीं है। पत्रकार से हर कोई उम्मीद रखता है कि वह उसकी छोटी से छोटी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करे,उसकी समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाए,उसके कार्यक्रमों को जगह दे और जरूरत पड़ने पर उसके पक्ष में आवाज भी उठाए। लेकिन जब उसी पत्रकार की रोजी-रोटी और परिवार की जिम्मेदारियों का सवाल आता है तो ज्यादातर लोग किनारा कर लेते हैं। त्योहार हो या राष्ट्रीय पर्व,जब पत्रकार अपने समाचार पत्र के लिए विज्ञापन की बात करता है तो समाजसेवी,व्यापारी,नेता,विधायक सांसद और बड़े-बड़े पदों पर बैठे अधिकारी नेता बजट न होने का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ लेते हैं। लेकिन इन्हीं लोगों को जब अपनी फोटो और खबर अखबार में देखनी होती है तो पत्रकार को बार-बार फोन किया जाता है। आखिर पत्रकार केवल खबर छापने की मशीन तो नहीं है,उसका भी एक परिवार है,बच्चे हैं,घर का खर्च है और रोजमर्रा की जरूरतें हैं।
हैरानी तो तब होती है जब कोई व्यक्ति विज्ञापन देने के लिए तैयार भी हो जाता है,लेकिन उसका भुगतान लेने के लिए पत्रकार को न जाने कितने चक्कर लगाने पड़ते हैं। कभी कल आने को कहा जाता है,कभी अगले सप्ताह और कभी फोन उठाना तक बंद कर दिया जाता है। समाज के उत्थान की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले,अस्पतालों में गरीबों की सेवा का दावा करने वाले और खुद को समाज का जिम्मेदार चेहरा बताने वाले कुछ सफेदपोश लोग विज्ञापन का पैसा दबाकर बैठ जाते हैं। उनके कलफ लगे कुर्ते और कॉलर की चमक बरकरार रहती है,लेकिन पत्रकार की मेहनत का भुगतान उनकी प्राथमिकता में नहीं होता।
विडंबना देखिए,एक पत्रकार का पुराना भुगतान चुकाए बिना ही ऐसे लोग किसी दूसरे पत्रकार से विज्ञापन की बात करने पहुंच जाते हैं। दूसरी तरफ पत्रकार अगर दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर किसी घोटाले या भ्रष्टाचार को उजागर कर दे तो वही प्रभावशाली लोग नाराज हो जाते हैं। कभी मानहानि तो कभी रंगदारी जैसे मुकदमों की धमकी देकर पत्रकार की आवाज दबाने की कोशिश होती है। निष्पक्ष पत्रकारिता की अपेक्षा करने वालों को यह भी समझना चाहिए कि सच लिखने वाले पत्रकार की आर्थिक मजबूती और सुरक्षा भी जरूरी है। पत्रकार की बाइक में भी पेट्रोल लगता है,प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचने का खर्च होता है मोबाइल का रिचार्ज होता है और घर में बच्चों की फीस भी देनी होती है। दीपावली पर जब पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा होता है, तब कई पत्रकार खबरों की तलाश में सड़कों पर होते हैं। मगर उनके अपने घर की आर्थिक परेशानियां अक्सर किसी को दिखाई नहीं देतीं।
पत्रकारिता सम्मान पत्र,फूल-मालाओं और मंचों पर तालियों से नहीं चलती। इसके लिए आर्थिक सहयोग,संसाधन और सम्मानजनक व्यवहार भी जरूरी है। विज्ञापन देना किसी खबर को खरीदना नहीं है,बल्कि समाचार पत्र के संचालन में सहयोग करना है। विज्ञापन के बदले खबर की निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए, लेकिन विज्ञापन का पैसा रोककर पत्रकार की मेहनत का अपमान भी नहीं होना चाहिए। आखिर समाज को यह तय करना होगा कि पत्रकार सिर्फ दूसरों के संघर्ष की कहानी लिखने के लिए है या उसके अपने संघर्ष की भी कोई कीमत है। जो पत्रकार दूसरों के घरों के चूल्हे बुझने की खबर लिखता है,कभी उसके घर के चूल्हे की चिंता भी कर लीजिए। क्योंकि कलम उठाने वाला पत्रकार भी इंसान है,उसे भी सम्मान चाहिए,मेहनत का पैसा चाहिए और अपने परिवार के साथ सुकून से जीने का अधिकार चाहिए।
*सुशील केसरवानी वरिष्ठ पत्रकार एवं चीफ ब्यूरो कौशांबी मोबाइल नंबर 9838824938*
More Stories
लखनऊ 12 नवम्बर 26*यूपी — 04 साल बाद अभिनेत्री अर्चना गौतम की कांग्रेस में वापसी हुई।*
दिल्ली 12 नवम्बर 26*तुगलकाबाद गाँव में सीवर ओवरफ्लो से जनता बेहाल! आखिर कब मिलेगा समाधान?
कौशाम्बी 12 नवम्बर 26*गुम्बद ए खजरा कॉन्फ्रेंस 13 , 14 नवंबर को, देश भर के शायर एवम उलेमा होंगे शामिल*