लखनऊ11सितम्बर25*नगर निगम मुख्यालय में औचक निरीक्षण, महापौर ने गेट पर जड़ा ताला*
– समय पर दफ्तर न पहुंचे अफसर-कर्मचारी, महापौर ने जताई कड़ी नाराजगी
– अटेंडेंस लगाकर गायब मिले कर्मचारी, सीसीटीवी से होगी जांच
– मुख्यालय में अफसर नदारद, महापौर ने दो दिन में स्पष्टीकरण तलब किया
– महापौर खर्कवाल ने पकड़ी मुख्यालय की ढिलाई, मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत
– नगर निगम मुख्यालय में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं – महापौर
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार सुबह 10:45 बजे लखनऊ की माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल जी ने अचानक औचक निरीक्षण किया। सुबह 10:45 बजे मुख्यालय पहुंचीं महापौर जी ने जब कार्यालयों की हकीकत देखी तो कई अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी सीट से नदारद मिले। इस स्थिति से नाराज होकर महापौर जी ने मुख्यालय के मुख्य दरवाजे पर ताला लगवा दिया और मौके पर मौजूद अटेंडेंस रजिस्टर जब्त कर लिया। इसके बाद उन्होंने पूरे नगर निगम मुख्यालय का गहन निरीक्षण किया।
*नगर आयुक्त रहे उपस्थित, लेकिन कई उच्च अधिकारी अनुपस्थित*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार अपने कार्यालय में मौजूद मिले। हालांकि, महापौर जी जब अपर नगर आयुक्तों के कार्यालयों में पहुंचीं तो वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इस दौरान अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त एवं डॉ. अरविंद कुमार राव अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले। इतना ही नहीं, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती का कार्यालय भी खाली मिला और समस्त सहायक नगर आयुक्त विकास सिंह, विनीत सिंह, रामेश्वर प्रसाद भी अपनी सीट पर अनुपस्थित पाए गए। इसके साथ ही चीफ इंजीनियर महेश वर्मा भी समय पर अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले।
*गेट पर लगा ताला, बाहर खड़े मिले कर्मचारी*
महापौर जी ने निरीक्षण की शुरुआत से पहले ही नगर निगम मुख्यालय के मुख्य गेट और दूसरे गेट पर ताला जड़वा दिया था। इस कदम से अंदर-बाहर की गतिविधियों पर नियंत्रण रखा गया। इस दौरान कई कर्मचारी और अधिकारी मुख्यालय के बाहर खड़े देखे गए।
*ये अधिकारी मिले मौजूद*
निरीक्षण में यह स्थिति भी सामने आई कि कुछ अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अपने-अपने कार्यालय में मौजूद थे। इनमें मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी श्री महामिलिंद लाल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री पी.के. श्रीवास्तव शामिल रहे। महापौर जी ने इन अधिकारियों की उपस्थिति पर संतोष जताया और कहा कि सभी कर्मचारियों को इन्हीं की तरह समय पर और जिम्मेदारी से कार्य करना चाहिए।
*अटेंडेंस लगाकर गायब हुए कर्मचारी*
महापौर जी ने 311 एप के जरिए कर्मचारियों की अटेंडेंस सूची मंगाई। सूची की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कई कर्मचारी सुबह मुख्यालय परिसर में आकर अटेंडेंस तो दर्ज कर गए, लेकिन उसके बाद वे अपनी सीट पर मौजूद नहीं थे। महापौर जी ने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया और ऐसे सभी कर्मचारियों की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*महापौर का कड़ा संदेश*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने औचक निरीक्षण के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम लखनऊ शहर की जनता की सेवा करने और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी निभाता है। ऐसे में यदि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते और अपने कार्यों के प्रति लापरवाह रहते हैं तो इसका सीधा असर शहरवासियों को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ता है। यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
*सीएम से होगी शिकायत*
महापौर जी ने नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दो दिनों के भीतर सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाए और आगे की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल मुख्यालय की कार्यशैली का नहीं बल्कि जनता की सुविधाओं से जुड़ा है, इसलिए इस लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। महापौर जी ने यह भी घोषणा की कि इस पूरे मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी से भी की जाएगी।
*जनहित सर्वोपरि*
निरीक्षण के दौरान महापौर जी ने यह भी कहा कि नगर निगम मुख्यालय जनता की समस्याओं के निराकरण का प्रमुख केंद्र है। यहां यदि अधिकारी और कर्मचारी समय से मौजूद न रहें तो आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना उनका पहला लक्ष्य है।
*भविष्य में और कड़े कदम उठाने के संकेत*
महापौर जी ने यह भी संकेत दिया कि यदि इस तरह की लापरवाही आगे भी सामने आई तो नगर निगम मुख्यालय में उपस्थिति और कार्यप्रणाली को और अधिक सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी माध्यमों और निगरानी प्रणाली को मजबूत करके सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी कर्मचारी या अधिकारी अपने कर्तव्यों से विमुख न हो।
*जनता से अपील 10 बजे न मिलें अधिकारी तो यहां करें शिकायत*
माननीय महापौर जी द्वारा जनता से अपील की गई है कि अगर 10 बजे आपको नगर निगम कार्यालय में अधिकारी व कर्मचारी सीट पर नहीं मिलें तो तुरंत इसकी शिकायत 638920005 पर करें। इसके साथ ही आप फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर भी टैग कर सकते हैं।

More Stories
पूर्णिया बिहार 4 मार्च 26* ईरान के धर्मगुरु की शहादत पर पूर्णिया में उबाल: पप्पू यादव ने इजराइल और अमेरिका को दी चेतावनी
पूर्णिया 4 मार्च 26*पूर्णिया पुलिस की होली से पहले की तैयारी: शांति और सुरक्षा के लिए तैयार।*
शामली 4 मार्च 26*होली के त्यौहार को मध्य नजर रखते हुए यातायात प्रभारी निधि चौधरी ने अपने दल बल के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया