मैनपुरी11मार्च* सीएम योगी के दौरे के बाद गंगाजल छिड़कने वाले सपा नेता को भाजपाइयों ने पीटा, अस्पताल में भर्ती
मैनपुरी जिले में मतगणना स्थल से लौट रहे एक सपा कार्यकर्ता पर भाजपाइयों ने हमला कर उसे जमकर पीटा। मैनपुरी के जिला अस्पताल से उसको उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई लाकर भर्ती कराया गया है। सपा का यह वही कार्यकर्ता है, जिसने पिछले वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सैफई से जाने के बाद उनके दौरे वाले स्थल पर गंगाजल छिड़का था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए 22 मई, 2021 को उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई का दौरा किया था। उनके वापस जाते ही सपा कार्यकर्ता 23 वर्षीय रोहित पुत्र रमेश चंद्र निवासी ग्राम नगला हरी सिंह, थानाक्षेत्र भोगांव, जिला मैनपुरी ने सैफई के अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स स्टेडियम में बने हेलीपैड के साथ ही हर उस जगह गंगाजल छिड़का, जहां सीएम गए। तब रोहित के खिलाफ सैफई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। गंगाजल छिड़कने की घटना के बाद से भाजपा कार्यकर्ता गुस्से में थे। गुरुवार शाम मतगणना स्थल से लौट रहे रोहित पर भाजपाइयों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर घायल हो गया। उसको उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
रोहित के पिता रमेश चंद्र ने कहा, भाजपा के लोग मेरे परिवार के साथ बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। बेटे के ऊपर जानलेवा हमला कर मोबाइल फोन और बाइक छीन ली है। जबरदस्ती जय श्रीराम के नारे लगवाए, जबकि भगवान राम तो हम सबके इष्ट हैं और उनकी पूजा करते हैं। ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं हैं। मैनपुरी पुलिस की ओर से जानकारी देने पर जांच कराई जाएगी।

More Stories
लखनऊ २७ फरवरी २६ * यूपीआजतक न्यूज चैनल पर दोपहर 1 बजे की बड़ी खबरें.
नई दिल्ली 27 फ़रवरी 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर सुबह की देश राज्यों से बड़ी खबरें…*
नई दिल्ली 27 फ़रवरी 26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर आज का राशिफल*