भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता
भागलपुर 8 अप्रैल 26*डीडीसी ने सबौर प्रखंड का किया विस्तृत निरीक्षण*
भागलपुर 08 अप्रैल 2026, भागलपुर के उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप सिंह द्वारा सबौर प्रखण्ड का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रखण्ड कार्यालय की समग्र प्रशासनिक व्यवस्था, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कार्यालय संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
निरीक्षण के क्रम में प्रखण्ड कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया गया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। विभिन्न अभिलेख, पंजी एवं रजिस्टर सुव्यवस्थित एवं अद्यतन स्थिति में संधारित पाए गए, जिससे कार्यालय संचालन संतोषजनक प्रतीत हुआ। प्रखण्ड स्तर पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सहित प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी एवं कनीय अभियंता (पंचायत) कार्यरत पाए गए।
निरीक्षण के दौरान वित्त आयोग से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विभिन्न पंचायतों में चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन, व्यय की स्थिति एवं गुणवत्ता का आकलन किया गया तथा आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए गए। साथ ही तकनीकी कार्यों के सुचारू निष्पादन हेतु संसाधनों के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया गया, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन और प्रभावी ढंग से किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, प्रखण्ड में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी डब्ल्यू0पी0यू0 (WPU) की क्रियाशीलता की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही बाल विकास परियोजना कार्यालय, व्यापार मंडल, आरटीपीएस कार्यालय एवं मनरेगा कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। इन सभी कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेख संधारण एवं समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
सबौर प्रखण्ड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी नामांकित छात्राएं उपस्थित पाई गईं तथा उनसे संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षणिक एवं दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली गई। छात्राओं द्वारा खेल सामग्री की आवश्यकता व्यक्त की गई तथा विद्यालय परिसर में चाहरदीवारी के अभाव की समस्या भी सामने आई। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर को निर्देशित किया गया कि वे विधिवत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें जिला परिषद के अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल थे। समग्र रूप से यह वार्षिक निरीक्षण प्रखण्ड में संचालित योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।

More Stories
मथुरा 8 अप्रैल 26*“MISSION SHAKTI”*फेज 5.0 के तहत मथुरा जिले की तहसीलों के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक*
मथुरा 8 अप्रैल 26*थाना छाता पुलिस टीम द्वारा थाना छाता पर पंजीकृत अभियोग में वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार ।*
मथुरा 8 अप्रैल 26*थाना मांट पुलिस टीम द्वारा थाना मांट पर पंजीकृत अभियोग में वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार ।*