पूर्णिया बिहार 20 दिसंबर 25 * *पूर्णिया को हवाई संपर्क का नया केंद्र बनाने को लेकर सांसद पप्पू यादव ने की नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव से मुलाकात*
पूर्णिया बिहार से मोहम्मद इरफान कामिल की खास रिपोर्ट यूपी आज तक
*सौंपा विस्तृत ज्ञापन, एटीआर सेवाओं व UDAN विस्तार की मांग*
पूर्णियाबिहार : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र को हवाई संपर्क के क्षेत्र में एक मजबूत और स्थायी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने एक अहम पहल की है। दिल्ली में उन्होंने भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव श्री समीर कुमार सिन्हा से मुलाकात कर दो विस्तृत पत्र सौंपे, जिनमें पूर्णिया एयरपोर्ट से नई विमान सेवाओं की शुरुआत, मौजूदा सेवाओं की निरंतरता और उड़ान (UDAN) योजना के तहत विस्तार की ठोस मांग रखी गई है।
सांसद पप्पू यादव ने अपने पत्र में विशेष रूप से पूर्णिया–पटना और पूर्णिया–रांची मार्ग पर एटीआर श्रेणी के विमानों का नियमित संचालन शीघ्र प्रारंभ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया बिहार का सीमावर्ती और अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है, जहां से वर्तमान में संचालित विमान सेवाओं का लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। इससे न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासनिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्णिया की भौगोलिक स्थिति, यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और सीमांचल–कोसी क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए पटना और रांची जैसे नजदीकी राज्यों की राजधानियों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी अब समय की मांग बन चुकी है। यदि इन मार्गों पर एटीआर विमानों का संचालन शुरू होता है, तो उत्तर-पूर्व बिहार, सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
UDAN योजना के अंतर्गत सेवाएं शामिल करने का आग्रह
पप्पू यादव ने यह भी मांग रखी कि प्रस्तावित पूर्णिया–पटना और पूर्णिया–रांची एटीआर सेवाओं को भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान (UDAN)’ के अंतर्गत शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि UDAN के तहत शामिल होने से हवाई किराया किफायती रहेगा और आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा वास्तव में सुलभ बन सकेगी। साथ ही, इससे इन मार्गों का संचालन आर्थिक रूप से भी टिकाऊ रहेगा।
पूर्णिया–बागडोगरा–गुवाहाटी रूट की आवश्यकता
अपने पत्र में सांसद ने पूर्णिया–बागडोगरा–गुवाहाटी मार्ग पर भी एटीआर विमान सेवाओं की शुरुआत की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग बिहार, उत्तर बंगाल, सिक्किम और उत्तर-पूर्व भारत को जोड़ने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस रूट के शुरू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापारिक और सामाजिक संपर्क भी सशक्त होंगे।
एक अन्य पत्र में सांसद पप्पू यादव ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अवगत कराया कि हाल ही में पूर्णिया से शुरू हुई विमान सेवाओं से क्षेत्र की जनता में उत्साह और आशा का संचार हुआ है। उन्होंने आग्रह किया कि इस उत्साह को बनाए रखने के लिए सेवाओं का विस्तार और स्थायित्व बेहद जरूरी है।
उन्होंने जिन प्रमुख मार्गों पर नियमित विमान सेवाओं की आवश्यकता बताई, उनमें शामिल हैं—
पूर्णिया–गुवाहाटी–दिल्ली
पूर्णिया–पटना–दिल्ली
पूर्णिया–पटना–हैदराबाद
पटना–पूर्णिया–गुवाहाटी
बैंगलोर–पूर्णिया
मुंबई–पूर्णिया
सांसद ने सुझाव दिया कि इन रूट्स पर अकासा एयरलाइंस, एयर एशिया और इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस को नियमित रूप से परिचालित किया जाए।
क्षेत्रीय हब बनने की पूरी क्षमता
पप्पू यादव ने अपने पत्र में इस बात पर जोर दिया कि पूर्णिया केवल एक जिला नहीं, बल्कि बिहार, उत्तर बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नेपाल और असम को जोड़ने वाला एक संभावित क्षेत्रीय हब है। यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और प्रशासनिक जरूरतें भी तेजी से बढ़ी हैं। ऐसे में हवाई सेवाओं का निरंतर और स्थायी संचालन इस पूरे क्षेत्र के विकास के लिए अनिवार्य है।
दिल्ली–पूर्णिया–बागडोगरा रूट पर विशेष जोर
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से यह मांग रही है कि दिल्ली–पूर्णिया–बागडोगरा और बागडोगरा–पूर्णिया–दिल्ली मार्ग पर नियमित विमान सेवा शुरू की जाए। इससे उत्तर बंगाल, सिक्किम और सीमावर्ती इलाकों से दिल्ली तक की यात्रा अत्यंत सुगम हो जाएगी और समय की भी बड़ी बचत होगी।
मौजूदा सेवाओं को बिना व्यवधान जारी रखने की मांग
सांसद ने मंत्रालय से यह भी आग्रह किया कि वर्तमान में जो विमान सेवाएं पूर्णिया एयरपोर्ट से संचालित हो रही हैं, उन्हें बिना किसी व्यवधान के निरंतर जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि सेवाएं बार-बार बाधित होती हैं, तो जनता का भरोसा टूटता है और क्षेत्रीय विकास प्रभावित होता है।
पत्र के अंत में पप्पू यादव ने आग्रह किया कि भविष्य में पूर्णिया एयरपोर्ट को UDAN योजना के अंतर्गत और अधिक क्षेत्रीय गंतव्यों से जोड़ने पर सकारात्मक विचार किया जाए।

More Stories
कानपुर नगर 22 फ़रवरी 26*उप जिलाधिकारी कार्यालय तहसील बिल्हौर कानपुर नगर का बूथों पर निरिक्षण
कानपुर नगर 22 फ़रवरी 26*रिचा सचान गाजियाबाद में दारोगा थीं, रात 2 बजे ड्यूटी खत्म कर बुलेट से निकलीं फिर उनके साथ दर्दनाक कांड हो गया।
पूर्णिया बिहार 22 फरवरी 26** पूर्णिया पुलिस सप्ताह: रुपौली थाना की क्रिकेट टीम ने जीता मैच*