लखनऊ25अगस्त2025*यूपीआजतक न्यूज़ चैनल पर दोपहर 12 बजे तक की कुछ महत्वपूर्ण खबरें
👉🏻 *✒️ *संविधान (130वां संशोधन) बिल, 2025 अवश्य होगा पास: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह*
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि संविधान (130वां संशोधन) बिल, 2025 अवश्य पारित होगा। भले ही विपक्ष इसका तीखा विरोध कर रहा हो। इस बिल के तहत प्रस्ताव है कि अगर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई मंत्री किसी गंभीर अपराध के तहत 30 दिन तक लगातार हिरासत में रहता है, जिसकी सजा पांच साल या उससे अधिक हो, तो उसे अपने पद से हटना होगा। अमित शाह ने कहा कि यह बिल संवैधानिक नैतिकता और जनता के भरोसे को बनाए रखने के लिए है और यह सभी नेताओं पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बिल किसी खास पार्टी या नेता को निशाना बनाने के लिए नहीं है। शाह ने भरोसा जताया कि कांग्रेस और विपक्ष के कई सदस्य नैतिकता के समर्थन में इस बिल को पारित कराने में साथ देंगे। बिल को 31 सदस्यों वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा गया है, जो इस पर सुझाव देगी।
✒️ *यूपी में छूटे छह लाख विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति और शुल्क भरपाई*
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने छह लाख विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रवृत्ति और शुल्क भरपाई योजना से वंचित रह गए छात्रों को लाभ देने की सहमति दे दी है। इसके लिए छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा। साथ ही, भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अनुपूरक बजट और बचत के मदों (पुनर्विनियोग) से करीब 300 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जाएगी। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक, इस निर्णय से बड़ी संख्या में ऐसे छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा, जो अब तक योजना से छूट गए थे।
✒️ *अतरौली पूर्व चेयरमैन साजदा बेगम पर आय से अधिक संपत्ति रखने पर दर्ज हुआ मुकदमा*
अलीगढ़। अतरौली नगर पालिक परिषद की पूर्व चेयरमैन साजदा बेगम के खिलाफ विजिलेंस, आगरा ने अधिक संपत्ति बनाने का मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में कहा गया है कि अपने कार्यकाल के दौरान साजदा बेगम ने 50 लाख 61 हजार रुपये खर्च किए, जबकि उनकी आय इस दौरान केवल 23 लाख 83 हजार रुपये थी। इस तरह उन्होंने 26 लाख 78 हजार रुपये अधिक खर्च किए। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, साजदा बेगम ने अपनी आय से 112 प्रतिशत अधिक रकम खर्च की। यह जांच वर्ष 2023 में शासन के आदेश पर शुरू की गई थी। मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अधिकारियों ने कहा कि वित्तीय और संपत्ति संबंधी सभी दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी।
✒️ *बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, आठ श्रद्धालुओं की मौत, 45 घायल*
बुलंदशहर। जिले के खुर्जा इलाके में रविवार देर रात हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 45 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। स्थानीय पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
✒️ *अज्ञात वाहन ने दूधिया को रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत*
अलीगढ़। खैर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन ने दूधिया युवक राजकुमार को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन रो-रो कर बेहाल हो गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
✒️ *कानपुर हाइवे पर बाइक सवार मजदूर को रौंदा, एक की मौत, तीन घायल*
अलीगढ़। लोधा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-कानपुर हाइवे पर गांव जतनपुर चिकावटी मोड़ के पास शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बाइक पर सवार चार मजदूरों को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
✒️ *यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 5000 पुलिसकर्मी तैनात, पहली बार शामिल हुईं 557 महिला कर्मी*
लखनऊ। प्रदेश में बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए डीजीपी मुख्यालय ने यातायात निदेशालय को नागरिक पुलिस से 5000 कर्मी आवंटित किए हैं। इन सभी कर्मियों को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसके बाद वे सभी कमिश्नरेट व जिलों में तैनात किए जाएंगे। इनमें 557 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्हें पहली बार यातायात प्रबंधन का कार्य सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में यातायात पुलिस में महिला विंग बनाने का आदेश दिया था। एडीजी यातायात के. सत्यनारायणा के आदेश के अनुसार सभी सात पुलिस कमिश्नरेट में 225-225 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हैं।
✒️ *चाइनीज मांजे से शिक्षक घायल, कटे नाक और गाल*
अलीगढ़। चाइनीज मांजे का कहर एक बार फिर सामने आया। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के सारसौल चौराहे पर एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार शिक्षक अपने भाई को रेलवे स्टेशन लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते से गुजरते समय उनकी नाक और गाल चाइनीज मांजे से कट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांजे पर सख्त रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
✒️ *दो पक्षों के बीच हुई झड़प में किशोरी हुई घायल, इलाज के लिए अस्पताल किया रेफर*
खैर। कस्बे के मोहल्ला बहादुरगंज में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में एक किशोरी घायल हो गई। घायल का डॉक्टरी निरीक्षण खैर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। घटना 21 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे हुई। तहरीर में बताया गया कि कस्बे निवासी रानी की बेटी सना ने अपनी पड़ोसन हसीना को बचाने की कोशिश की। इस दौरान गुलाम नबी और उनकी पत्नी नौशावा ने सना के साथ मारपीट की। मारपीट में किशोरी को पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
✒️ *कोचिंग के बाहर किशोर पर हुआ जानलेवा हमला*
खैर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अंडला निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे यश पर 23 अगस्त की शाम करीब 4 बजे को जानलेवा हमला हुआ। यश पढ़ाई के लिए खैर की एक कोचिंग से बाहर निकला ही था कि वहां पहले से मौजूद पार्षवल (15 वर्ष), सूर्यांश राठौर (25 वर्ष, मोहल्ला उपाध्याय) और चार अन्य ने उस पर हमला कर दिया। प्रवीण कुमार के अनुसार, सूर्यांश ने तमंचे की बट से सिर पर प्रहार किया, जबकि पार्षवल ने लोहे के पंच से से कनपटी पर वार किया। जिससे यश अचेत होकर गिर गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
✒️ *अलीगढ़-हाथरस में आलू संकट: उचित दाम नहीं मिलने पर शीतगृहों में जमा, निकासी अटकी*
अलीगढ़। सब्जियों के राजा आलू को इस बार बाजार में उचित भाव नहीं मिल रहा है। दाम न बढ़ने की वजह से शीतगृहों से आलू की निकासी बेहद धीमी है। हाथरस में पिछले चार माह में केवल 35 प्रतिशत और अलीगढ़ में 30 प्रतिशत मीट्रिक टन आलू ही शीतगृहों से बाहर निकाला जा सका है। वर्तमान में दोनों जिलों के शीतगृहों में करीब 8.89 लाख मीट्रिक टन आलू जमा है, जिसकी निकासी अगले दो माह में होनी है। यदि हालात नहीं सुधरे तो आलू की बेकद्री हो सकती है और किसानों को आलू सड़कों पर फेंकने तक की नौबत आ सकती है। शीतगृह एसोसिएशन के अध्यक्ष गिर्राज गोदानी का कहना है कि इस बार अलीगढ़ में आलू का रकबा करीब हजार हेक्टेयर बढ़ा था और पैदावार भी करीब 15 प्रतिशत अधिक हुई है। पैदावार बढ़ने और भाव न मिलने से आलू किसानों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
✒️ *झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल, उपचार के लिए किए मेडिकल रेफर*
अलीगढ़। थाना सासनी गेट क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला मलखान सिंह अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
✒️ *नगर निगम निर्माण विभाग में विवाद, जेई-बाबू में मारपीट, नगर आयुक्त ने किया तबादला*
अलीगढ़। नगर निगम के निर्माण विभाग में शुक्रवार की शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब अधिशासी अभियंता के कक्ष में एक जेई और वरिष्ठ बाबू के बीच विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ बाबू सौरभ शर्मा को निर्माण विभाग के पटल से हटाकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जोन-1 में भेज दिया। वहीं कनिष्ठ बाबू अंकुर कुमार को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जोन-1 से हटाकर निर्माण विभाग में तैनात कर दिया गया है। नगर निगम सूत्रों के मुताबिक, दोनों कर्मचारियों के बीच कार्यों को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी, जो शुक्रवार को टकराव का कारण बनी। नगर आयुक्त ने विभागीय माहौल को सामान्य बनाए रखने के लिए यह प्रशासनिक फेरबदल किया है।
✒️ *परिजन से विवाद के बाद युवक ने मार्केट में बाइक को लगाई आग*
अलीगढ़। गांव उटवारा निवासी अर्जुन उर्फ केटी ने रविवार को परिजनों से हुए विवाद के बाद सनसनीखेज कदम उठा लिया। सुबह करीब दस बजे किसी बात पर विवाद होने के बाद वह अपने पिता की पुरानी बाइक लेकर घर से निकल गया। बताया जाता है कि अर्जुन बरका चौकी क्षेत्र स्थित मार्केट पहुंचा और वहां शराब पीने के बाद अपनी बाइक को आग के हवाले कर दिया। आग लगाते समय उसने मौजूद लोगों और दुकानदारों को यह कहते हुए रोक दिया कि कोई भी आग नहीं बुझाएगा। घटना की सूचना पाकर बरका चौकी इंचार्ज गंगाराम गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। बाइक जलकर खाक हो गई। पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर शांत कराया।
✒️ *अगस्त में टोक्यो एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप में भारत से लगभग 15 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग*
नई दिल्ली। अगले महीने टोक्यो में होने वाली एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप में लगभग 15 भारतीय खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इसके पहले, हंगरी के बुडापेस्ट में 2023 विश्व चैंपियनशिप में भारत के 28 खिलाड़ी शामिल हुए थे। 2023 में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन 28 अगस्त को टीम चयन को लेकर बैठक करेगा और इसी के आधार पर अंतिम टीम घोषित की जाएगी।
✒️ *राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शताब्दी वर्ष पर किया भव्य कार्यक्रम का आयोजन*
अलीगढ़। थाना जवां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी वर्ष मनाया। इस अवसर पर श्रीराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, विभाग प्रचारक गोविंद कुमार ने बताया कि शताब्दी वर्ष के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख हैं। 1 से 5 अक्टूबर 2025 तक विजय दशमी कार्यक्रम। 10 से 30 नवंबर 2025 तक सघन गृह संपर्क अभियान। 15 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक हिंदू सम्मेलन। 6 से 20 मार्च 2026 तक सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम। गोविंद कुमार ने कहा कि शताब्दी वर्ष में ये आयोजन संगठन की मूल भावना और समाजसेवा के कार्यों को बढ़ावा देंगे।
✒️ *यूपी में दोबारा सक्रिय हुआ मानसून, 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी*
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दोबारा सक्रिय हुए मानसून के चलते बीते तीन दिनों से दक्षिणी और तराई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। लगातार हुई वर्षा से कई जिलों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के पूर्वी और तराई के 30 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार इन जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। हालांकि विभाग के मुताबिक 26 अगस्त से अगले पांच दिनों तक बारिश में कमी आने की संभावना है।
More Stories
रोहतास16अक्टूबर25*पंजाब के भटके वरिष्ठ व्यक्ति को आरपीएफ ने परिजनों से मिलाया*
इन्दौर16अक्टूबर25*इंदौर में किन्नर से रेप!*
भोपाल16अक्टूबर25*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर मध्यप्रदेश की बहुत ही महत्वपूर्ण खबरें