लखनऊ 25 नवम्बर 26*बुलडोजर चाहे अकबर नगर पर चला हो या कृष्णाबाग में… ध्यान से सुनिए इसकी गूंज में इंसानियत की आवाज़ भी दबती जा रही है!?!*
लखनऊ *बुलडोजर चलने पर जो जश्न मनाते थे, क्यों मनाते थे, वो जाने! उसे सत्ता की ताकत का प्रतीक बताते थे, क्यों बताते थे, वो जाने! और नेताओं के स्वागत में बुलडोजर से फूल बरसाते थे, क्यों बरसाते थे वो जाने!*
*हम तो इतना जानते हैं कि घर किसी का भी उजड़ता है तो हमको तकलीफ होती है।*
*कुछ समय तक जब कुछ खास समुदायों के मकान टूट रहे थे, तब कुछ लोग तालियां बजा रहे थे। शायद उन्हें एहसास नहीं था कि बुलडोजर का पहिया किसी धर्म या मजहब को पहचानकर नहीं चलता है, आज किसी का आशियाना उजड़ रहा है, कल किसी और की बारी भी आ सकती है।*
*राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली तक हजारों मकान बुलडोजर की भेंट चढ़ चुके हैं। अब इंदौर की घटनाओं में उजड़ते परिवारों के आंसू भी दुनिया को दिखाई देने लगे हैं!*
*ये सिर्फ मकानों के टूटने की तस्वीरें नहीं, बल्कि बिखरती जिंदगियों की कहानी हैं। जरा सोचिए, जिस मकान को बुलडोजर कुछ मिनटों में मलबे में बदल देता है, उसे बनाने में किसी की पूरी उम्र गुजर जाती है। उसमें किसी बेटी की शादी के सपने होंगे, कोई बीमार बुजुर्ग होगा, कोई गर्भवती महिला होगी और कहीं कोई मासूम अपनी जिंदगी की शुरुआत कर रहा होगा।*
*क्या किसी ने सोचा है कि एक झटके में बेघर हुए इन परिवारों पर क्या गुजरती होगी??*
*अतिक्रमण हटाना गलत नहीं, लेकिन कार्रवाई के साथ इंसानियत भी जरूरी है। किसी को उजाड़ने से पहले नोटिस, सुनवाई और सम्मानजनक पुनर्वास की व्यवस्था करना भी सरकार की ही जिम्मेदारी है।*
*क्योंकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन जमीनों की रजिस्ट्री दाख़िल ख़ारिज और अन्य राजस्व को सरकार सुकून से हज़म कर लेती है, साथ ही बस्तियों में दशकों से बिजली, पानी, सड़क और सरकारी योजनाएं भी पहुंचती हैं, तो वहां के “अवैध” होने का पता सरकारी महकमों को 40-50 वर्षों तक क्यों नहीं चल पाता है?? आख़िर जब सरकारी सुविधाएं दी जा रही थीं, टैक्स लेकर राजस्व वसूला जा रहा था तब व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी थी??*
*आज उस पूरी व्यवस्था की कीमत तमाम परिवार अपने आशियाने गंवाकर चुका रहे हैं।*
*जिन लोगों ने वीरान जमीनों पर मेहनत की कमाई से घर बनाए और बस्तियां आबाद कीं, क्या अब उनके भविष्य की कोई कीमत नहीं है !?*
*सरकारें जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का जश्न तो मना लेती हैं, लेकिन उस जमीन पर बसे परिवारों के आंसुओं का हिसाब क्यों नहीं देती हैं !?*
*हम अतिक्रमण के पक्षधर नहीं, बल्कि इंसानियत के पक्षधर हैं। कानून का पालन जरूर हो, लेकिन किसी गरीब को बेघर करने से पहले उसके सिर पर छत का इंतजाम भी हो।*
*क्योंकि मकान दोबारा बन सकता है, दीवारें फिर खड़ी हो सकती हैं, लेकिन उजड़ने के बाद जब इंसान भीतर से टूटता है, उसे जोड़ना आसान नहीं होता।*
*बुलडोजर की गूंज भले ही दुनिया में दूर तक सुनाई दे रही हो,,,,*
*मगर उजड़ते परिवारों की सिसकियां शायद दुनिया बनाने वाले तक भी पहुंच रही हों।*

More Stories
औरैया 26 नवम्बर 2026*औरैया जनपद की प्रमुख और ताज़ा खबरें नीचे दी गई हैं:
लखनऊ 25 नवंबर 26*संविधान दिवस पर देशभर में कांग्रेस का संविधान रक्षा आंदोलन, खड़गे करेंगे मार्च का नेतृत्व।
मदुरै 26 नवम्बर 26*कलेक्टर ने कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की