April 3, 2026

UPAAJTAK

TEZ KHABAR, AAP KI KHABAR

नई दिल्ली ३ अप्रैल २६ * यूपीआजतक न्यूज चैनल पर दोपहर शाम की देश राज्यों से बड़ी खबरें

मोतिहारी 3 अप्रैल 26*बिहार में जहरीली शराब का कहर, अब तक 4 लोगों की मौत.. कई ने गंवाई आंखों की रोशनी*

मोतिहारी 3 अप्रैल 26*बिहार में जहरीली शराब का कहर, अब तक 4 लोगों की मौत.. कई ने गंवाई आंखों की रोशनी*

*मोतिहारी:* बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में संदिग्ध मौतों से हड़कंप मच गया है. जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई है. शुक्रवार को तीन और लोगों की जान चली गई है. जबकि 6 लोग अभी बीमार हैं. कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई. सभी लोगों की शराब से मौत की आधिकारिक पुष्टि मोतिहारी एसडीपीओ सदर दिलीप कुमार ने की है.
मोतिहारी शराबकांड, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई चार : सभी मृतकों कि पहचान तुरकौलिया के पुलवा घाट निवासी चंदू (32 वर्ष), तुरकौलिया थाना क्षेत्र के प्रमोद यादव (32 वर्ष), परीक्षण माझी (55 वर्ष) और हीरालाल महतो की निजी अस्पताल में मौत हो गई. प्रमोद यादव के भाई विनोद यादव ने बताया कि उसके ”भाई ने गांव के नागा राय से शराब खरीदा था.”
SDPO ने की शराब से मौत की पुष्टि: इस बीच मोतिहारी सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि अभी 4 लोगों की मृत्यु हुई है. एक बॉडी पहले ही परिवार ने डिस्पोज कर दिया था. प्रमोद यादव का पोस्टमार्टम कर शव परिवार को सौंप दिया गया है, जबकि दो का पोस्टमार्टम हो रहा है.
चाकीदार सस्पेंड, जांच के लिए SIT गठित : एसडीपीओ ने बताया कि प्रमोद यादव के परिवार की तरफ से आवेदन आया था, जिस पर हत्या का केस दर्ज किया गया है. परिजनों ने जिन लोगों का नाम बताया उसके आधार पर अब तक 12 से 15 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. परसौना चाकीदार भरत राय को निलंबित कर दिया गया है और एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई है.
6 लोग अस्पताल में भर्ती, कई की छुट्टी : उन्होंने आगे बताया कि, 6 लोगों का अभी इलाज चल रहा है, जिनका मोतिहारी के मदन राज अस्पताल में इलाज चल रहा है. तीन लोगों को मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है. एक राजेन्द्र यादव सदर अस्पताल, मोतिहारी में भर्ती है और सात लोगों का इलाज के बाद अस्पताल से उनकी छुट्टी हो गई है.
”प्रथम दृष्टया सभी लोगों ने जहरीली शराब का सेवन किया था. सप्लाई चेन को पकड़ लिया गया है. जिनसे सामान खरीदा गया था उनकी गिरफ्तारी हो गई है. अभी पूछताछ में कई और लोगों के नाम सामने आ सकते है.” – दिलीप कुमार, एसडीपीओ सदर
बालगंगा गांव, यहां शराब समझकर लोगों ने स्प्रिट पी : बुधवार को यह घटना मोतिहारी जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव से शुरू हुई, जब कई लोगों ने साधारण शराब समझकर स्प्रिट का सेवन किया. देर रात अचानक एक-एक कर कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया.
जहरीली शराब पीने की आशंका : पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर पंचायत के पुलवा घाट निवासी चंदू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. परिजनों ने बिना किसी को सूचना दिए जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया था, जिससे शुरुआत में मामला छिपा रहा.
लोहा ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, फिर मचा हड़कंप : मामले का खुलासा तब हुआ जब रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा निवासी लोहा ठाकुर की तबीयत बिगड़ी. उनकी आंखों की रोशनी कम होने लगी और वे बेहोश हो गए. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए मदन राज नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों की जांच में जहरीली शराब पीने की पुष्टि हुई. लोहा ठाकुर को तुरंत मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं लड्डू साह की भी आखों की रोशनी चली गई.
‘सोचा था साधारण शराब है, लेकिन वो तो स्प्रिट..’ : बालगंगा गांव के निवासी लोहा ठाकुर ने बताया कि “खाना खाने के बाद रघुनाथपुर गए, वहां पर स्प्रिट का सेवन किया था, लेकिन देखकर लगा कि साधारण शराब है, लेकिन वो तो स्प्रिट थी, मुझे उल्टी और कमजोरी महसूस हो रही है.”
‘मना किया था, लेकिन रात में थोड़ा पी लिए थे..’ : पीड़ित लोहा ठाकुर की पत्नी ने बताया कि, ”रात में उन्होंने अच्छे से खाना खाया, उसके बाद थोड़ा पीए थे, फिर सो गए. सुबह उठे तो उन्होंने कहा बेचैनी हो रही है, हम लोग उन्हें अस्पताल ले गए और भर्ती करा दिया.”
शराब कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई : घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गई. रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाने की टीमें मौके पर पहुंचीं. शराब पीने वाले अन्य लोगों की तलाश शुरू की गई, जिसमें छह संदिग्ध शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है. इसी बीच, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया पंचायत के परसौना गांव निवासी प्रमोद यादव, जो पहले से बीमार थे, की इलाज के दौरान मौत हो गई.
‘जहरीली शराब’ का तांडव?, PM का इंतजार : स्थानीय लोगों ने बताया कि तुरकौलिया थाना क्षेत्र के प्रमोद यादव की अस्पताल ले जाते समय ही मौत गई. इसके साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई. पुलिस ने दोनों मौतों को जहरीली शराब से जोड़ा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
7 की हालत गंभीर : जहरीली शराब से प्रभावित अन्य लोगों में लोहा ठाकुर, लड्डू साह, राहुल कुमार, लक्ष्मीपुर गदरिया वार्ड-30 निवासी अमेरिका राय के बेटे रावण यादव उर्फ रविंद्र यादव (35 वर्ष), देवलाल राय के बेटे दिनेश यादव (28 वर्ष), परसौना निवासी उमेश राम और बालगंगा निवासी नरेश साह के बेटे संपत साह (30 वर्ष) शामिल हैं. इनमें से कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
कई की आंखों की रोशनी गई : इस बीच, गांव के लोहा ठाकुर समेत कई की आंखों की रोशनी चली गई है, जबकि अन्य पीड़ितों को उल्टी, सिरदर्द और चक्कर की शिकायतें हैं. डॉक्टरों के अनुसार, जहरीली शराब में मिथेनॉल जैसे घातक तत्व मिले होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. सभी प्रभावितों का इलाज मोतिहारी सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर एम्स और निजी नर्सिंग होम्स में चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने एंटीडोट दवाओं की व्यवस्था कर दी है.
नेपाल से सीमा से लाई गई थी शराब- SP : एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया है. उन्होंने बताया कि छह संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. ये तस्कर बालगंगा, परसौना और पुलवा घाट इलाकों में सक्रिय थे. पुलिस को मुखबिरों से जानकारी मिली है कि जहरीली शराब नेपाल सीमा से तस्करी कर लाई गई थी.
”छापेमारी में कई अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन अभी तक कोई बड़ी खेप बरामद नहीं हुई है. हम शराब माफिया के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कटिबद्ध हैं. कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा.” – स्वर्ण प्रभात, एसपी, मोतिहारी

Taza Khabar