भागलपुर बिहार से शैलेन्द्र कुमार गुप्ता यूपीआजतक
भागलपुर 11 सितंबर 2026*भागलपुर में भाजपा नेता की सिर मे गोली मारकर हत्या*
*भागलपुर में भाजपा नेता की सिर में गोली मारकर हत्या, कुतुबगंज में मचा हड़कंप; चंदा विवाद में हत्या की आशंका से सनसनी*
भागलपुर। भागलपुर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज इलाके की बताई जा रही है। मृतक की पहचान उमा भूषण तांती के रूप में हुई है, जो भाजपा में मंडल अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उमा भूषण तांती को निशाना बनाते हुए उनके सिर के पास गोली मारी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाजपा नेता की हत्या की खबर जैसे ही इलाके में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। आखिर किसने और क्यों उमा भूषण तांती को गोली मारी, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
*काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की चर्चा*
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे काली पूजा को लेकर चंदा उगाही के विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि चंदा को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था और इसी विवाद के दौरान उमा भूषण तांती को सिर में गोली मार दी गई। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों के साथ-साथ इसमें शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और गोली किसने चलाई।
*पिता के शव से लिपटकर रोती रही बेटी*
इधर, पिता की हत्या की खबर सुनकर मृतक की बेटी मायागंज अस्पताल पहुंची। अस्पताल पहुंचते ही पिता का शव देखकर वह खुद को संभाल नहीं सकी। शव को पकड़कर वह फूट-फूटकर रोने लगी। बेटी के विलाप से अस्पताल परिसर का माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।एक तरफ परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेता की हत्या की खबर से राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।
*विधायक रोहित पांडे भी पहुंचे अस्पताल*
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक रोहित पांडे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। भाजपा नेता की हत्या को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश देखा जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तमाम बिंदुओं की पड़ताल कर रही है। हत्या के पीछे व्यक्तिगत विवाद, चंदे को लेकर विवाद या किसी अन्य कारण की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है।
*पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल—किसने मारी गोली?*
फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उमा भूषण तांती की हत्या किसने की और हत्या के पीछे असली वजह क्या थी? क्या काली पूजा के चंदे को लेकर हुआ विवाद ही खूनी वारदात में बदल गया या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी?पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल भाजपा नेता की हत्या ने भागलपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों तक जल्द से जल्द पहुंचकर इस खूनी वारदात का पूरा सच सामने लाया जाए।

More Stories
भागलपुर 11सितंबर 26*कोसी की तबाही से रंगरा के दर्जनों गांव बेहाल, पांच पंचायतों पर बाढ़ का कहर;
भागलपुर 11सितंबर 26*बाढ़ पीड़ितों की मदद करने वाले सिपाही धनंजय पासवान ने मानवाधिकार संगठन से मांगी निष्पक्ष जांच
लखनऊ 11सितंबर 26*उ0प्र0 स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस में आयोजित क्राइम सीन मैनेजमेंट के छठे प्रशिक्षण बैच का समापन समारोह*