उन्नाव30मई26*ट्रक समेत 77 फ्रिज और 40 एसी लूटे, फिर दुकानदारों और कारोबारियों को बेचे; 1 लाख के इनामी गैंग का पर्दाफाश-
उन्नाव पुलिस ने एक अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने एक ट्रक चालक को घायल कर 77 फ्रिज और 40 स्प्लिट एसी लूट लिए थे। एसओजी, सर्विलांस और अजगैन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया, जबकि चार अन्य आरोपियों को बिहार और कुशीनगर से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने लूटा गया कंटेनर, 47 फ्रिज, 40 स्प्लिट एसी और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। एसएसपी जयप्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह और एएसपी शैलेंद्र लाल ने पुलिस लाइन सभागार में इस मामले का खुलासा किया।घटना 28 मई को हुई थी, जब कानपुर के नौबस्ता निवासी ट्रांसपोर्टर राजेश कुमार गुप्ता ने अजगैन थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उनका कंटेनर ट्रक गोदरेज कंपनी के फ्रिज और एसी लेकर आशाखेड़ा से कानपुर जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने चालक नीरज कुमार को घायल कर ट्रक लूट लिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना अजगैन की एक संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने टोल प्लाजा और एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस को पता चला कि बदमाशों ने ट्रक का नंबर बदलकर NL 01 AH 7041 की जगह NE 01 AH 7044 कर दिया था, ताकि पहचान छिपाई जा सके।सर्विलांस टीम ने दो मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया, जिनकी लोकेशन ट्रक के मूवमेंट के साथ मिल रही थी। ये दोनों नंबर बिहार और कुशीनगर क्षेत्र में सक्रिय पाए गए। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम कुशीनगर के कसया कस्बे स्थित स्वास्तिक ढाबे तक पहुंची और वहां घेराबंदी कर संदिग्धों को दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूटे गए 77 फ्रिज में से 44 फ्रिज कसया स्थित रोशनी इलेक्ट्रॉनिक्स को बेच दिए गए थे। पुलिस ने दुकान से 32 फ्रिज बरामद किए, जबकि 12 फ्रिज बिना बिल के आगे बेचे जा चुके थे। इसके अलावा, लूटा गया कंटेनर मोतिहारी जिले के सुगौली क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप से बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ढाबा संचालक विवेक मिश्रा, विकास वाल्मीकि, राजू उर्फ बलिराम सिंह और रोशनी इलेक्ट्रॉनिक्स का संचालक अविनाश सिंह शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस को घटना के मुख्य आरोपी छोट्टन चौधरी के बारे में जानकारी मिली।
मुठभेड़ में दबोचा गया मुख्य आरोपी पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी छोट्टन चौधरी नवाबगंज क्षेत्र में फिर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सामने गुरुद्वारा रोड पर पुलिस ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
बरामद हुआ करोड़ों का माल पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लूटा गया कंटेनर, 47 फ्रिज और 40 स्प्लिट एसी बरामद किए हैं। बरामद सामान गोदरेज कंपनी का बताया गया है। कुल 127 बॉक्स पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि शेष सामान की भी तलाश की जा रही है।
तकनीकी जांच बनी सफलता की कुंजी इस मामले में पुलिस की सफलता का आधार सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा की रिकॉर्डिंग और मोबाइल सर्विलांस रहा। बदमाशों ने ट्रक का नंबर बदलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी जांच के जरिए पुलिस उनकी गतिविधियों तक पहुंच गई और पूरे गिरोह को बेनकाब कर दिया।
टीम को मिलेगा एक लाख रुपये का इनाम घटना के खुलासे पर पहले पुलिस अधीक्षक उन्नाव ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। बाद में पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ रेंज ने इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन ने पुरस्कार राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी। यह राशि घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को प्रदान की जाएगी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास अभी तक सामने नहीं आया है। स्थानीय थानों और सीसीटीएनएस रिकॉर्ड की जांच में भी इनके खिलाफ कोई पूर्व मुकदमा दर्ज नहीं मिला है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

More Stories
अयोध्या30मई26*लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जयंती की पूर्व संध्या पर सम्मान समारोह आयोजित
सुल्तानपुर30मई26*अपराध एवम अपराधियों की धर पकड़ अभियान के अंतर्गत 02 अभियुक्त गिरफ्तार
लखनऊ30मई26*यूपीआजतक न्यूज चैनल पर शाम 7 बजे की बड़ी खबरें……………….*